मदरसे में नमाज पढ़ाने का विरोध, तनाव
सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पहुंची पुलिस, दोनों पक्षों के कुछ लोगों को किया चिह्नित
थाने में मौजूद त्योहार रजिस्टर में दर्ज है मदरसा, मुसलिम बोले मदरसा नहीं मस्जिद
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पूरनपुर में रविवार को मदरसे में नमाज अदा करने को लेकर दो पक्षों के लोगों में तनाव हो गया। एक पक्ष की ओर से जिलाधिकारी से की गई शिकायत पर सतर्क हुई पुलिस ने गांव पहुंच कर जांच पड़ताल की। दोनों पक्षों के लोगों को बुला कर पंचायत कराने की कोशिश की लेकिन एक पक्ष के नदारद होने पर पंचायत विफल रही। पुलिस ने दोनों पक्षों से कुछ लोगों को चिह्नित कर शांति भंग के आरोप में कार्रवाई की तैयारी कर ली है।
बता दें कि गांव पूरनपुर में स्थित मदरसा में बिना लाउडस्पीकर नमाज अदा करने की बात सामने आ रही थी। दो दिन पहले किसी ने बिना नाम के प्रार्थना पत्र देकर जिलाधिकारी से मदरसे में लाउडस्पीकर लगा कर नमाज पढ़े जाने की शिकायत की। रविवार की दोपहर करीब एक बजे हल्का इंचार्ज वेदपाल पुंडीर व आरपी सिंह फोर्स के साथ गांव पहुंचे। मुस्लिम समाज के लोगों को बुला कर पूछताछ की। मुस्लिम समाज के लोगों ने मदरसे को मस्जिद होना बताया। इस पर थाने में मौजूद त्योहार रजिस्टर चेक किया गया। जिसमें मदरसा ही दर्ज पाया गया। इस पर पुलिस ने सख्ती दिखा कर किसी तरह की नई परंपरा न डालने की नसीहत दी। नई परंपरा डालने वालों के खिलाफ सख्ती से पेश आने की चेतावनी दी। साथ ही दूूसरे पक्ष के लोगों को बुला कर पंचायत कराने की कोशिश की। दूसरे पक्ष के न पहुंचने पर पंचायत नहीं हो सकी। जिससे पुलिस दोनों पक्षों से कुछ लोगों को चिह्नित कर बैरंग लौट आयी।
बोले कोतवाल
गांव पूरनपुर में मदरसे में लाउडस्पीकर लगा कर नमाज पढ़ने की शिकायत मिली थी, जिस पर तत्काल ही पुलिस फोर्स को मौके पर भेज कर जांच पड़ताल कराई गई, दोनों पक्षों के लोगों को बुला कर बैठक कराने की कोशिश की गई, लेकिन एक पक्ष के लोग नहीं आए, जिससे बैठक नहीं हुई, फिलहाल गांव में सुरक्षा के मद्देनजर निगरानी रखी जा रही है, दोनों पक्षों से कुछ लोगों को चिह्नित किया गया है, शांति भंग में पाबंद किया जाएगा।
- विवेक कुमार, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली डिडौली।