फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खाई में पलटी थी ट्रैक्टर ट्राली, डूबने से हुई छह लोगों की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। डिलारी थानाक्षेत्र के नाखूनका में रविवार देर रात को छोछक के कार्यक्रम से लौटते वक्त 40 लोगों से भरी ट्रैक्टर ट्राली नाखूनका के पास ही अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई थी। इस हादसे में रिश्ते के भाई-बहन सहित छह लोगों की मौत हो गई थी। सोमवार को इन छह लोगों में से पांच के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि सभी की मौत पानी में डूबने की वजह से हुई थी। शरीर पर मामूली चोट के निशान भी पाए गए हैं। हादसे की वजह स्टेयरिंग का फेल होना बताया जा रहा है। ट्रैक्टर का एक पहिया भी निकला हुआ मिला है। इस मामले में देर रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
विज्ञापन

एसएचओ डिलारी दीपक कुमार ने बताया कि सोमवार को परमेश्वरी उर्फ रामेश्वरी पत्नी नन्हे सिंह, गब्बर उर्फ हीरालाल, बिरमा देवी, शीला और दस वर्षीय मोनू उर्फ मनु उर्फ भोला पुत्र महेंद्र के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है जबकि मोनू की रिश्ते की बहन छह माह की मासूम ज्योति के शव का पोस्टमार्टम करवाने से परिवार वालों ने इंकार किया। जिस तरह पांच लोगों की मौत पानी में डूबने की वजह से हुई बताई गई है, उससे अंदेशा है कि ज्योति की मौत भी पानी में डूबने की वजह से ही हुई थी, क्योंकि शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। डॉक्टरों ने उसके पेट में पानी भरा होना बताया था। इस मामले में देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है। एसएचओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया है। लाकड़ी फाजलपुर में बिरमा देवी, परमेश्वरी उर्फ राजेश्वरी, मोनू और गब्बर उर्फ हीरालाल का शव एक साथ पहुंचा तो कोहराम मच गया। ज्योति के शव का दिन में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया था जबकि शीला के शव को अंतिम संस्कार के लिए सिरावली स्थित उसकी ससुराल ले जाया गया है। यहां से मायके वाले भी सिरावली गए हैं।


पहले खाई से बाहर फिर शरीर से पानी निकाल रोहित-अफसाना ने बचाई कई जानें
मुरादाबाद। लाकड़ी फाजलपुर में रहने वाली अफसाना ने बताया कि वह हादसे के वक्त बाइक पर सवार होकर लाकड़ी फाजलपुर निवासी रोहित के साथ वापस लौट रही थी, क्योंकि उनकी तबीयत खराब थी। इसलिए वह ट्रैक्टर में लौटते वक्त नहीं बैठी। हादसे के वक्त बाइक ट्रैक्टर से थोड़ी दूरी पर पीछे थी। उन्होंने देखा कि अचानक ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। किसी वाहन से ट्रैक्टर की टक्कर नहीं हुई। ट्रैक्टर ट्राली के नीचे कई लोग दब गए, जबकि अन्य लोग थोड़ी दूरी पर गिरकर जख्मी हो गए थे।
विज्ञापन

रोहित ने बाइक रोकी और वह घायलों की मदद के लिए भागा तो दूसरी ओर अफसाना ने भी हौसला नहीं खोया और वह वहां से गुजर रहे वाहन चालकों से मदद मांगी, लेकिन एक दो वाहन चालक वहां नहीं रुके तो एक ट्रक को आते देख वह उसके सामने चली गई, हाथ से इशारा किया और चीखते हुए ट्रक रोककर घायलों की मदद करने की अपील की, ट्रक रोककर चालक जब मदद के लिए जुटा तो अफसाना वहां से पास ही गांव की ओर भागते हुए गई, ग्रामीणों को जगाया और उनसे मदद मांगी। इसके बाद ग्रामीण वहां पर पहुंचे, ट्रॉली को खाई से निकाला गया। दूसरी तरफ रोहित ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। अफसाना ने बताया कि कई लोग ऐसे थे, जिनके मुंह कीचड़ में सने हुए थे, पानी में गिरने के कारण उनके पेट में गंदा पानी भी चला गया था। पेट फूले हुए थे और वे लोग बेसुध थे। इनमें बच्चे भी शामिल थे, उनके शरीर को दबाकर अफसाना और रोहित ने पानी भी निकाला, जिससे की उनकी जान बच सके । अफसाना का कहना है कि अगर हादसे को देखकर वह अपना हौसला खो देतीं तो न जाने क्या होता? हादसे में जख्मी लोग न जाने कितनी देर वहां पर पडे़ रहते।

ननद.. भाभी ने बहादुरी दिखाकर चार बच्चों को बचाया
मुरादाबाद। ट्रैक्टर ट्राली में सवार ललिता उर्फ सुषमा और उसकी भाभी पारुल ने भी हादसे के वक्त बहादुरी दिखाई। उनके साथ सुषमा की मां विरमा देवी, सुषमा की बड़ी बहन गीता के तीन मासूम बच्चे कार्तिक, नंदनी, ममता और पारु ल का मासूम बेटा अनुज भी गया था। इस हादसे में विरमा देवी की तो मौत हो गई, लेकिन पारूल ने हादसे के वक्त ममता और नंदनी को जबकि सुषमा ने कार्तिक और अनुज को अपनी गोद में छिपाकर रखा, जिस वजह से उनकी जान बच सकी और वह आंशिक रूप से चोटिल हुए।

अपनों की मौत की खबर सुन कई लोग हुए बेहोश
मुरादाबाद। दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौत का ऐसा गम कई लोगों को बैठा है कि वह बेहोश हो गए। इस
हादसे में जब देर रात अस्पताल में डॉक्टरों ने विरमा देवी को मृत घोषित किया और इसकी सूचना परिवार के पास पहुंची तो पारुल का रोकर बुरा हाल है, वह देर शाम को बेहोश भी हो गई। परिवार वालों ने उसका उपचार कराया है। परमेश्वरी उर्फ रामेश्वरी की मौत की सूचना के बाद बेटा दीपक भी बेसुध हो गया।

लाकड़ी में मचा कोहराम, नहीं जले घरों में चूल्हे
मुरादाबाद। डिलारी में ट्रैक्टर ट्राली पलटने से छह लोगों की मौत हुई तो दिन भर कोहराम मचा रहा। कई घरों में चूल्हे नहीं जले, एक दूसरे को सांत्वना देते हुए आस पड़ोस के लोग नजर आए। मंजर ये था कि बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग की आंखें नम थे, सबकी जुबां पर एक ही शब्द था कि ये क्या हो गया, ऐसा हादसा तो पहली बार हुआ है। जब लाकड़ी फाजलपुर मेंसौ मीटर की दूरी में रहने वाले छह लोगों की एक साथ मौत हो गई हो।
लाकड़ी फाजलपुर में रहने वाले छह लोगों की मौत की सूचना देर रात को मिली तो मातम पसर गया। इस हादसे में जख्मी लोगों को उनके परिवार वाले उपचार के बाद अस्पताल से घर लेकर आए। जो भी इस हादसे का प्रत्यक्षदर्शी है, वह सहमा हुआ है। उन्हें मानो समझ ही नहीं आ रहा है कि एक पल में अचानक ये क्या हुआ, जो छह लोग कुछ देर पहले तक उनके साथ थे वह अब इस दुनिया को अलविदा कहकर जा चुके हैं। खुशियां मातम में बदल चुकी थे, अभी भी तीन लोगों का उपचार अलग अलग अस्पतालों में चल रहा है। देर शाम को लाकड़ी फाजलपुर में एक साथ चार लोगों की अर्थियां उठी तो सैकड़ों लोगों की आंखें नम थी।


एक किलोमीटर पहले ही चल गया था स्टेयरिंग खराब होने का पता
मुरादाबाद। नाखूनका में सरोज की पुत्री पूजा की बेटी का छोछक का कार्यक्रम रविवार को था, उसका जन्मोत्सव भी था। इस वजह से वहां पर आयोजित कार्यक्रम में लाकड़ी फाजलपुर से सरोज के परिवार के साथ ही आस पड़ोस में रहने वाले करीब 40 लोग गए थे। रात को जब कार्यक्रम खत्म हुआ तो वहां से आते वक्त बीच रास्ते में एक जगह ट्रैक्टर की स्टेयरिंग में बबलिंग हुई तो उसे रोक दिया गया।
वहां से ट्रैक्टर आगे चला तो एक ट्रैक्टर-ट्राली को आता देख भी चालक ने ट्रैक्टर रोका लेकिन उस वक्त भी स्टेयरिंग ने पूरी तरह साथ नहीं दिया। दो बार स्टेयरिंग खराब होने का आभास होने के बाद भी चालक ने ट्रैक्टर को जब तीसरी बार दौड़ाया तो वह करीब दो सौ मीटर दूर आगे जाते ही एक दिशा में भागने लगा और अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें छह लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में ट्रैक्टर में चालक की सीट के पास ही बैठे जयप्रकाश ने बताया कि हादसे में उनकी बेटी ज्योति की भी मौत हो गई है। एसएचओ डिलारी दीपक कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर का स्टेयरिंग खराब होने की जानकारी जयप्रकाश सहित कई लोगों ने दी है।


ट्रैक्टर बन गए सवारी वाहन, ऊपर से कलपुर्जे खराब
मुरादाबाद। कृषि कार्य के लिए ट्रैक्टर को बनाया गया है। ट्रैक्टर में सवारियों को लाना और ले जाना नियमों के विरुद्ध है। लेकिन इसके बाद भी पुलिस इस मामले में कार्रवाई नहीं करती है। आए दिन सड़क हादसे में ट्रैक्टर ट्राली ही वजह बन रही है, इसकी मुख्य वजह ट्रैक्टर के कलपुर्जों का खराब होना सामने आता है।
एसपी यातायात सतीश चंद्र ने बताया कि नियमानुसार जो चालक ट्रैक्टर में सवारी वाहनों को बैठाकर ले जाते हुए पकड़ा जाएगा, उसका ड्राइविंग लाइसेंस किया जाने का प्रावधान है लेकिन देहात क्षेत्र में कई बार पुलिस की चेकिंग न होने का फायदा उठाकर ग्रामीण अपने ट्रैक्टरों का इस्तेमाल सवारी वाहन के रूप में करते हैं। एसपी ने बताया कि रविवार रात को जो हादसा हुआ है, इसके संबंध में डिलारी पुलिस से रिपोर्ट तलब की जाएगी। ट्रैक्टर चालक का लाइसेंस निरस्तीकरण करने की कार्रवाई भी डिलारी पुलिस की जांच रिपोर्ट पर हो सकती है।

ओवर लोड रहती है ट्रैक्टर ट्रालियां
मुरादाबाद। ट्रैक्टर की ट्रालियां में भरा सामान ज्यादातर ओवर लोड रहता है, जिस वजह से हादसे होते हैं। इस हादसे में भी पुलिस को पता चला है कि ट्रैक्टर की ट्राली के अंदर सवारियों के अलावा करीब गेहूं भी भरा हुआ था। ऐसे में ये ट्रैक्टर भी ओवरलोड था। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।

दर्द से कराहते रहे मरीज.. अस्पताल ने दे दी छुट्टी
मुरादाबाद। जयप्रकाश ने बताया कि हादसे में उनकी पत्नी नीरज भी जख्मी हो गई है। उनको उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से उनको उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया, वहां पर नीरज के उपचार में लापरवाही बरती गई है। मरीज दर्द से कराह रहे थे, महज एक इंजेक्शन लगाया गया। उनको अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि नीरज शिकायत कर रही थी कि वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं है। नीरज को वहां से लाकर उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।


तीन साल के भीतर सबसे बड़ा हादसा
मुरादाबाद। यातायात पुलिस ने बताया कि पिछले तीन साल में ये सबसे बड़ा हादसा है। दो मई 2017 को कैंच की पुलिया के पास सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। 13 सितंबर 2018 को रामगंगा पुल के पास सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। 18 अप्रैल 2018 को रामगंगा पुल थाना कटघर क्षेत्र में हुए हादसे में भी तीन लोगों की मौत हो र्गई थी। ये पहला हादसा है जिसमें मरने वालों की संख्या छह तक पहुंची है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें