मूंढापांडे में आटो सवार तीन युवकों ने एक महिला का पर्स उड़ाया तो लोगों ने उनको पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी गश्त के दौरान खुद करना बताया है और अपनी पीठ थपथपाई है। तीनों आरोपियों से पुलिस ने लूटा गया पर्स भी बरामद कर लिया गया है।
रुद्रपुर के विवेक नगर में रहने वाले चंद्रपाल फर्म कर्मचारी हैं। उनकी पत्नी गीता अपनी मां रामवती और दो बच्चों कपिल, ईशू के साथ मंगलवार दोपहर साढे़ 12 बजे रुद्रपुर से अपनी ननिहाल समदा रामसहाय आ रही थीं। दलपतपुर में वह बस से उतरीं और वहां से आटो में बैठकर समदा रामसहाय गांव के पास पहुंची। आटो से उतरते ही उन्होंने किराया देने के लिए जब पर्स ढूंढा तो वह बैग में नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि आटो में बैठे युवकों ने ही बैग से उनका पर्स चोरी किया है। यह सुनते ही आटो में सवार तीन युवक भागने लगे। महिला ने शोर मचाया तो लोगों ने आरोपियों का पीछा किया। तीन युवकों को पीछा कर दबोच लिया गया। उनकी पिटाई की गई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची मूंढापांडे पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया है। एसएचओ मूंढापांडे अजय गौतम ने बताया कि पकडे़ गए आरोपी नूरे आलम निवासी भोजपुर सलमान निवासी पाकबड़ा और उवैस निवासी पीपलसाना है। आरोपी के कब्जे से पर्स, उसमें रखे सात हजार रुपये बरामद किए गए हैं। इसके अलावा तीन चाकू भी बरामद किए गए है। तीनों आरोपियों का बुधवार को चालान कर उनको न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया है।