भारत रहने लायक देश नहीं है संबंधी बयान के विरोध में विश्व हिंदू महासंघ ने बॉलीवुड अभिनेता नसीरुद्दीन शाह का पुतला फूंका। जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में नसीरुद्दीन शाह के विरुद्घ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कराए जाने की मांग भी की गई।
सोमवार को संगठन के कार्यकर्ताओं ने नसीरुद्दीन शाह के खिलाफ कलेक्ट्रेट के बाहर नारेबाजी भी की। राष्ट्रपति को संबोधित जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में कहा कि नसीरुद्दीन शाह को देश ने मान-सम्मान, शोहरत, धन-दौलत, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहचान दी। इसके बावजूद शाह भारत को रहने लायक मुल्क नहीं होने संबंधी बयान दे रहे हैं, जोकि निंदनीय है। आरोप लगाया कि कश्मीर में कश्मीरी पंडितों की हत्याओं और मुंबई हमले के समय नसीरुद्दीन शाह ने इन घटनाओं की निंदा नहीं की। पुतला फूंकने वालों में जिलाध्यक्ष सतीश ढल, विनोद सक्सेना, तुषार वर्मा, रचित अग्रवाल, पोपटलाल, ताराचंद सैनी, नरेश श्रीमाली, उमेश, अतुल भटनागर एवं प्रवीन आदि शामिल रहे।