मुरादाबाद। ट्रेन में सफर कर रहे एक युवक को जहरखुरानी गिरोह के सदस्य ने नशीली चाय पिलाकर लूट लिया। ट्रेन मुरादाबाद पहुंची तो युवक ट्रेन से उतरकर स्टेशन के बाहर रोड पर पहुंच गया। गलशहीद क्षेत्र में चड्ढा मोड़ पर उसे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें वह घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस की टीम ने जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। यहां होश में आने पर युवक ने आपबीती सुनाई।
जहरखुरानी का शिकार हुआ युवक अमर सिंह शाहजहांपुर के जिमही जमका निवासी है। उसने बताया कि वह ऋषिकेश में पेंटर है। सोमवार रात वह ऋषिकेश से पैसेंजर ट्रेन में सवार हुआ था। ट्रेन में सफर के दौरान बगल वाली सीट पर बैठे युवक ने उससे दोस्ती कर ली। बातचीत के दौरान आरोपी युवक ने अमर सिंह को चाय पीने के लिए दी। इसके बाद युवक को होश नहीं रहा। उसकी जेब से मोबाइल, ग्यारह हजार रुपये और कपड़े का बैग गायब हो चुका था। ट्रेन मुरादाबाद पहुंची तो वह ट्रेन से नीचे उतर गया। वह यहां से स्टेशन के बाहर पहुंच गया। इसके बाद उसे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। होश आया तो वह अस्पताल में भर्ती था। सूचना मिलने पर युवक के परिजन आ गए। वह युवक को अपने साथ ले गए हैं।
लोगों की जान तक ले चुके हैं जहरखुरान
मुरादाबाद। जहरखुरानी गिरोह के सदस्य लोगों की जान तक ले चुके हैं। हर तीसरे या चौथे दिन जहरखुरान एक यात्री को अपना शिकार बना लेते हैं। कभी रोडवेज की बस तो कभी ट्रेन में यात्रियों को चाय और कोल्ड ड्रिंक पिलाकर या बिस्किट खिलाकर उन्हें बेहोश कर देते हैं। शनिवार को कोतवाली क्षेत्र में एक युवक का शव मिला था। उसकी जेब में गाजियाबाद से पाकबड़ा तक का रोडवेज का टिकट मिला था। लेकिन पुलिस मृतक की पहचान नहीं करा पाई है।