रेलवे स्टेशन के सामने बस का इंतजार कर रहे फर्नीचर व्यापारी को आटो सवार बदमाश अगवा कर लिया। उससे तमंचे के बल पर रुपये और मोबाइल लूट लिया। इसके बाद उसे जबरन बिस्कुट खिलाकर बेहोश कर दिया और सड़क किनारे फेंक कर बदमाश फरार हो गए। मंगलवार सुबह पीड़ित मझोली चौराहे के पास बेहोशी की हालत में पड़ा मिला है। जिला अस्पताल में होश आने पर उसने आपबीती सुनाई।
लूट का शिकार हुआ फर्नीचर व्यापारी मो. रिजवान ऊधमसिंहनगर (उत्तराखंड) के तिलकखेड़ा गंाव निवासी है। वह वाराणसी में फर्नीचर का व्यापार करता है। वह सोमवार रात वाराणसी से मुरादाबाद तक ट्रेन से आया। देर रात मो. रिजवान अपने रिश्तेदार के घर सिरसवां दोराहे पर जा रहा था। रात करीब दो वह रेलवे स्टेशन के सामने बस का इंतजार कर रहा था। पीड़ित के अनुसार इसी दौरान एक आटो आया। उसमें चालक के अलावा दो अन्य सवारी भी मौजूद थीं। उसने सिरसवां दोराहे तक सौ रुपये में आटो बुक कर लिया। आटो में बैठते ही उसे सवारी के रूप में बैठे बदमाशों ने तमंचा दिखाकर चुपचाप बैठने को कहा। इसके बाद उससे आठ हजार रुपये और एक मोबाइल लूट लिया। मो. रिजवान ने बताया कि इसके बाद उसे जबरन बिस्कुट खिला दिए। जिसे खाकर वह बेहोश हो गया। इसके बाद उसे होश नहीं रहा। मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे रिजवान मझोली चौराहे पर बेहोशी की हालत में मिला। यूपी डायल 100 की गाड़ी पहुंची और रिजवान को वहां से उठाकर जिला अस्पताल में भिजवा दिया। यहां होश आने के बाद युवक अपने घर चला गया। कोतवाली इंस्पेक्टर आरपी सिंह ने बताया कि उनके पास कोई तहरीर नहीं आई है। अगर तहरीर आती है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।