ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
थाना मुनिकीरेती के अंतर्गत श्री दर्शन संस्कृत महाविद्यालय के पास जंगल से बरामद क्षतविक्षत शव की गुत्थी पुलिस के लिए सिरदर्द बन गई है। अब तक कोई ऐसा ठोस सुराग नहीं मिल पाया है जिसके आधार पर तहकीकात को सही दिशा मिल सके। अब तक पुलिस को जो जानकारियां हाथ लगी हैं उसके मुताबिक वारदात के बाद शव कहीं और से लाकर जंगल में फेंका गया है। लाने में सहूलियत के लिए शव के दो टुकड़े किए गए हैं।
बता दें, बीते 18 अक्तूबर को थाना मुनिकीरेती अंतर्गत श्री दर्शन संस्कृत महाविद्यालय के पास जंगल में मानव शरीर के अवशेष मिले थे। पुलिस को खोपड़ी और कमर के नीचे का हिस्सा मिला था। शव बरामद होने के बाद वारदात की तफ्तीश अब पुलिस के लिए चुनौती बन गई है। दरअसल कातिलों ने घटनास्थल पर कुछ नहीं छोड़ा जिससे सुरागकशी हो सके। फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल से कुछ खास नहीं मिल सका है। यहां तक की मौके से ब्लड सैंपल भी नहीं मिले।
मुनिकीरेती के थाना प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मृतक की उम्र 16 से 20 वर्ष के बीच है। प्रथमदृष्ट्या युवक को मौत की नींद सुलाने के बाद धारदार हथियार से काटा गया है। शक के आधार पर तपोवन मुनिकीरेती क्षेत्र में होटलों के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। अलग अलग प्रदेशों से 16 से 20 साल तक के युवकों के गुमशुदगी की रिपोर्ट भी जुटाई जा रही है। इसके अलावा जांच टीम पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली उत्तराखंड में जांच कर रही है। हालात संकेत कर रहे हैं कि घटना को किसी पड़ोसी जनपद में अंजाम दिया गया है। इसके बाद शव बैग में भरकर जंगल में फेंका गया है।