मूंढापांडे थानाक्षेत्र के एरौला गांव में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग करने के मामले में गिरफ्तार किए गए दुल्हन के दादा जसवीर सिंह और उसके भाई कृष्ण पाल को पुलिस ने शनिवार दोपहर अदालत में पेश किया। जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जबकि इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। मझोला के एकता कालोनी में भी पुलिस टीम पहुंची। लेकिन आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। दो अन्य लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
एरौला उर्फ मुकुटपुर गांव निवासी बबलू की बेटी पुष्पा की गुरुवार को बारात आई थी। द्वार चार के दौरान बबलू के पिता जसवीर सिंह, उसके चाचा कृष्ण पाल, नेपाल और अन्य रिश्तेदारों ने अवैध हथियारों और लाइसेंसी बंदूकों से फायरिंग की थी। इस हर्ष फायरिंग में एरौला निवासी फूल सिंह सैनी की पत्नी कुसुम (50), ओमप्रकाश कश्यप की पत्नी रूसम (40) की गोली लगने से मौत हो गई थी, फूलसिह की शिवानी, खमानी की बेटी राज कुमारी, ओमपाल की बेटी राजवती और राम सिंह की पत्नी सोमवती घायल हो गई थीं। मूंढापांडे पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज किया था। पुलिस ने दुल्हन के दादा जसवीर और उसके भाई सिक्योरिटी गार्ड कृष्ण पाल को गिरफ्तार किया गया था। शनिवार को दोनों को अदालत में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। इंस्पेक्टर अजय कुमार गौतम ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।