आदर्श कालोनी में सोमवार को दरोगा कुलदीप सिंह सिपाही विपिन कसाना, हेड कांस्टेबल शशिकांत शुक्ला होमगार्ड सुरेश बाबू को लेकर वांछितों की धरपकड़ के लिए निकले थे। इस दौरान ही उनको सूचना मिली कि लूट का आरोपी मुन्ना उर्फ रोहित आदर्श कालोनी में ताश के पत्ते खेल रहा है।
पुलिस ने मौके पर जाकर मुन्ना को उठा लिया, यह देख वहां पर ही मौजूद युवक और महिलाएं पुलिस पर हमलावर हो गए। महिलाओं ने ईट और पत्थर पुलिस पर बरसाने शुरू किए, इस दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया लेकिन महिलाएं पीछे नहीं हटीं और मुन्ना को पुलिस हिरासत से छुड़ाने लगीं। एक पुलिसकर्मी के हाथ पर दांत भी काट लिया। देखते ही देखते महिलाओं की संख्या बढ़ने लगी, घर से मिर्ची लाकर महिलाआें ने पुलिसकर्मियों पर फेंका। पुलिस ने वायरलेस पर सूचना दी तो मुन्ना को बचाने का प्रयास कर रहे युवक फायरिंग करते हुए वहां से भाग निकले। महिलाओं ने मुन्ना को पुलिस की हिरासत से छुड़ा लिया। इस सूचना पर हरथला चौकी प्रभारी भीमसेन सिपाही प्रवेश और होमगार्ड सुंदरलाल को लेकर पहुंचे तो उन पर भी हमला किया गया और लैपर्ड 23 को क्षतिग्रस्त दिया गया। इसके बाद थाने से पुलिस बल पहुुंचा और पुलिसकर्मियों को आदर्श कालोनी में हमलावरों के बीच से बचाकर लाया गया। इस सूचना पर सीओ सिविल लाइन फकीरपुरा चौकी पहुंचे।
एक घंटे तक आदर्श कालोनी में चली छापामारी
मुरादाबाद। सीओ सिविल लाइन राजेश कुमार महिला थाना, सिविल लाइन की पुलिस टीम ने एक घंटे तक कालोनी में छापामारी की। इस दौरान संदिग्धों के घर के अंदर जाकर पुलिस ने आरोपियों की तलाश की लेकिन न तो घर के अंदर महिलाएं मिलीं न ही युवक। हमलावर सीओ के पहुंचने से पहले ही भाग निकले थे।
कई राज्यों की दबिश दे चुकी हैं आदर्श कालोनी में दबिश
मुरादाबाद। आदर्श कालोनी में कई राज्यों की पुलिस दबिश दे चुकी हैं। बिना पुलिस बल के वहां पर दबिश देने से दूसरे राज्यों की पुलिस भी इंकार कर देती है। ये पहला मामला नहीं है जब आदर्श कालोनी में पुलिस पर हमला किया गया है, इससे पहले मारपीट और झगडे़ तक की शिकायत के मामले में जांच के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमले किए जा चुके हैं। शराब की भट्टियों को कई बार पीएसी के साथ जाकर सिविल लाइन पुलिस ने तोड़ा लेकिन चंद रोज बाद ही वहां पर दोबारा से शराब की नई भट्टियों को बना लिया जाता है।
रेलवे ट्रैक का फायदा उठाकर बरसाते हैं पत्थर
मुरादाबाद। आदर्श कालोनी के पास से ही रेलवे ट्रैक गुजर रहा है। पुलिस पर हमला करने के लिए हमलावर रेलवे ट्रैक की ओर भाग गए थे। जिससे कि वहां पर ज्यादा संख्या में उनको पत्थर मिल जाएं, जिसे पुलिसकर्मियों पर फेंककर मुन्ना को बचाने का प्रयास किया गया।