गैर समुदाय के युवक से शादी की जिद पर अड़ी युवती (22) को बृहस्पतिवार सुबह उसके चचेरे भाई ने गोली मार दी। वारदात को कटघर के मछरिया गांव में युवती के जीजा के घर अंजाम दिया गया। गोली युवती के हाथ में लगी है, उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी युवक के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसकी तलाश में पुलिस की दो टीम दबिश दे रही है।
युवती ने बताया कि वह कुंदरकी थानाक्षेत्र की रहने वाली है। गांव में ही रहने वाले गैर समुदाय के युवक से उसके प्रेम संबंध हो गए थे। वह दोनों शादी करना चाहते हैं। पांच मई को युवती अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। परिजनों ने युवती के प्रेमी के खिलाफ कुंदरकी थाने में बेटी को अगवा करने की नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। दो दिन बाद युवती वापस आ गई। पुलिस ने उसके 164 के बयान कराए तो युवती ने मजिस्ट्रेट के सामने प्रेमी के पक्ष में बयान दिया। इसके बाद पुलिस ने 12 मई को एफआर लगा दी। युवती ने बताया कि उसके परिजन शादी के लिए राजी हो गए थे लेकिन चचेरा भाई शादी का विरोध कर रहा था।
युवती दो दिन पहले कटघर के मछरिया गांव में रहने वाले अपने जीजा के घर आकर रहने लगी। आरोप है कि बृहस्पतिवार सुबह चचेरा भाई युवती के जीजा के घर पहुंच गया। उसने युवती को गोली मार दी। गोली युवती के बाएं हाथ में लगी। जीजा के परिजनों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी उसे धमकी देकर भाग गया। वारदात की सूचना कंट्रोल रूम में दी गई। एसएचओ कटघर संजय गर्ग ने बताया कि कटघर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद युवती को उसके परिजन निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले गए हैं। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
सुरक्षा के मद्देनजर ही युवती को लाया गया था कटघर
मुरादाबाद। युवती ने बताया कि दोनों के परिजन शादी के लिए राजी हो गए थे। जल्द ही उसकी शादी प्रेमी से होने वाली थी, चचेरे भाई समेत कुछ अन्य लोग शादी के खिलाफ थे। चचेरे भाई ने शादी करने पर युवती को जान से मारने की धमकी दी थी। इस वजह से युवती को उसके जीजा अपने घर ले आए थे। इसके बाद भी चचेरा भाई नहीं माना और वह बहन को मारने के लिए कटघर के मछरिया गांव पहुंच गया।