कंकरखेड़ा। सैनिक विहार निवासी एक महिला का एक माह पूर्व मामूली बात को लेकर पड़ोस में रहने वाले दो युवकों के साथ विवाद हो गया था। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी थी। पीड़िता ने तहरीर दी थी। बताया कि दोनों आरोपी यूपी पुलिस में सिपाही हैं। महिला ने आरोप लगाया कि दोनों सिपाही तभी से उसकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ करते हैं। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की। महिला का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ तहरीर दिए हुए करीब एक माह का समय हो चुका है, लेकिन थाना पुलिस कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। अब महिला ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। महिला ने एसएसपी से कहा कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वह घर छोड़कर चली जाएगी। इंस्पेक्टर दीपक शर्मा का कहना है कि मामले की जांच एक दरोगा को दी है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।