शराब पीकर ड्यूटी करने और दबिश के दौरान एक स्थान पर खडे़ होकर आरक्षियों से बातचीत करने पर एसएसपी ने छजलैट थाने के एक दरोगा को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा स्वीकृत आकस्मिक अवकाश से ज्यादा दिन तक छुट्टी पर रहने के कारण बिलारी के दरोगा को भी निलंबित किया गया है।
एसएसपी जे रविंद्र गौड ने बताया कि छजलैट थानाक्षेत्र में 14 अगस्त की रात दस बजे कोकरपुर नत्था नगला में संदिग्ध व्यक्तियों के रहने की सूचना पर उनके घर दबिश दी गई। इस दौरान दरोगा प्रदीप कुमार गाड़ी से शराब के नशे में बदहवास स्थिति में उतरे। महिला आरक्षियों के साथ एक अन्य स्थान पर खडे़ रहने तथा उनसे बातें करने की शिकायत मिलने पर एसएसपी ने जांच के बाद दरोगा को बृहस्पतिवार रात निलंबित कर दिया है। इसके अलावा बिलारी से सात जुलाई को स्वीकृत आकस्मिक अवकाश पर रवाना होकर समय से ड्यूटी पर वापस न लौटने के आरोप में दरोगा सोमवीर सिंह को निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने बताया कि ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।