हापुड़ में सगाई समारोह से लौट रहे फार्चूनर सवार परिवार से रविवार रात सर्किट हाउस के बाहर रोडरेज में बोलेरो सवार युवकों ने मारपीट की। आरोप कार में सवार महिला के जेवर और करीब सवा लाख की नकदी लूटने का भी है। आरोपियों में से एक युवक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया गया है। आरोपी पक्ष के समर्थक भी थाने पहुंच गए। थाने में दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। देर रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस देर रात तक इस मामले को रफा दफा करने की कोशिश में जुटी रही, दोनों पक्ष थाने पर मौजूद रहे।
हरथला में रहने वाले नईम बिल्डर हैं। उनके भाई फहीम की हापुड़ में रविवार को सगाई हुई। सफेद रंग की फार्चूनर में नईम, उनका भाई नफीस, पिता हाजी हफीज और मां बानो घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में ही बोलेरो कार सवार चार, पांच युवक रास्ते में कभी कार को आगे कर लेते तो कभी पीछे कर लेते थे। परेशान होकर उन्होंने डिडौली में कार रोकी और बोलेरो सवारों को अभद्रता करने से रोका लेकिन वह बाज न आए। मझोला थानाक्षेत्र में सर्किट हाउस के पास कार पहुंची तो बोलेरो सवार युवकों ने फार्चुनर रुकवा ली। आरोप है कि कार सवार परिवार से मारपीट की गई। कार का शीशा तोड़ दिया गया, कार में सवार एक बच्चा कांच की चपेट में आने से बाल-बाल बचा। इस दौरान भीड़ एकजुट हो गई तो आरोपी भागने लगे। एक युवक को नईम ने पकड़ लिया और उसको हरथला पुलिस चौकी ले गए। वहां से मामले की जानकारी मझोला पुलिस को दी गई। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर मझोला थाने ले आई । यहां पर आरोपी पक्ष के लोग भी पहुंच गए। सूचना पर नईम पक्ष के लोग भी आ गए। थाने में भी दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। घंटों तक हंगामा होता रहा। एसएचओ मझोला विकास सक्सेना ने बताया कि दोनों पक्षों में कार ओवरटेक करने को लेकर विवाद हुआ है। मारपीट की गई है। शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।