मुरादाबाद। मुरादाबाद-रामनगर पैसेंजर ट्रेन में दो सगी शातिर बहनों ने एक फौजी की पत्नी के गले से सोने की चेन उड़ा ली। फौजी ने आरोपी महिलाओं को पकड़कर तलाशी ली तो उनके बैग से चेन बरामद हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने दोनों शातिर महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी महिलाएं सगी बहन हैं।
जीआरपी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज पंत ने बताया कि गुलाब बाड़ी निवासी ओम प्रकाश सेना के जवान हैं। वह सोमवार दोपहर अपनी पत्नी उर्मिला को लेकर काशीपुर जा रहे थे। दंपती मुरादाबाद रामनगर पैसेंजर ट्रेन में कटघर रेलवे स्टेशन से सवार हुए थे। ट्रेन में दो शातिर महिलाओं ने भीड़ का फायदा उठाकर फौजी की पत्नी उर्मिला के गले से सोने की चेन और लॉकेट चोरी कर लिया। इसी बीच फौजी की नजर पत्नी के गले पर पड़ी तो उसकी चेन गायब देख पूछताछ की। इतने में पास में खड़ी दो संदिग्ध महिलाएं वहां से जाने लगीं। शक होने पर फौजी ने उन्हें रोक लिया। दोनों महिलाओं को पीपलसाना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतार लिया गया। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची। पूछताछ करने पर महिलाओं ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी महिला कविता और उसकी बहन पूजा बिजनौर के गांव इस्लाम नगर की रहने वाली हैं। कविता ने जीआरपी को बताया कि उसने लॉकेट अपने पति विजय को दे दिया था। विजय लॉकेट लेकर फरार हो गया है। जीआरपी इंस्पेक्टर ने बताया कि केस दर्ज कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। कविता के पति विजय की तलाश की जा रही है।