मुरादाबाद। महिला थाने में सोमवार दोपहर एक युवती प्रेमी संग जाने की जिद पर अड़ गई। उसने पुलिस से कहा कि परिजन उसकी शादी दूसरे युवक से करना चाहते हैं, लेकिन वह प्रेमी संग दो माह पहले ही कोर्ट मैरिज कर चुकी है। उसने अपने मां बाप और भाईयाें से खुद की प्रेमी की जान को खतरा बताया। सूचना मिलने पर दोनों के परिजन भी आ गए। यहां दोनों पक्षों की सहमति पर युवती को थाने से ही प्रेमी संग विदा कर दिया गया।
युवती कटघर क्षेत्र की रहने वाली है। परिजनों ने उसकी रिश्ता एक युवक से तय कर दिया है। अगले माह सितंबर माह में शादी होनी तय हुई है। युवती के मां बाप शादी की तैयारियाें में जुटे थे। सोमवार दोपहर युवती महिला थाने पहुंची। कुछ देर बाद युवती का प्रेमी भी थाने पहुंच गया। युवती ने महिला थाने में तहरीर देकर बताया कि वह प्रेमी से दो माह पहले कोर्ट मैरिज कर चुकी है। मां बाप ने उसकी मर्जी के खिलाफ दूसरे लड़के से रिश्ता तय कर दिया है। जबकि वह पहले ही घर में बता चुकी थी वह प्रेमी से कोर्ट मैरिज कर चुकी है। युवती ने बताया कि पांच साल से डबल फाटक पुल के पास कपड़े की दुकान चलाने वाले युवक से उसके प्रेम संबंध हैं। वह उसके ही साथ रहना चाहती है। सूचना मिलने पर युवती औा युवक के परिजन भी पहुंच गए। यहां दोनों के बीच पहले काफी तनातनी हुई। लेकिन बाद दोनों के बीच समझौता हो गया। युवती को थाने से ही प्रेमी के साथ विदा कर दिया गया। सीओ सिविल लाइंस राजेश कुमार ने बताया कि सोमवार को एक युवती ने तहरीर दी थी। उसने बताया कि वह कोर्ट मैरिज कर चुकी है। बाद में दोनों पक्ष समझौता कर चले गए हैं।