सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रामगंगा विहार स्थित मिड टाउन क्लब में एक ज्वैलर्स की बेटी के शादी समारोह से सोमवार रात रुपयों भरा बैग गायब हो गया। बैग में छह लाख रुपये और ज्वैलरी थी। घटना के बाद मौके पर हंगामा हो गया। सीसीटीवी कैमरों में एक युवक को बैग ले जाते देखा गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
बिजनौर जिले के स्यौहारा निवासी ज्वैलर्स प्रदीप कुमार वर्मा की बेटी सोनम वर्मा की सोमवार को मिड टाउन क्लब में शादी थी। मुरादाबाद के शिक्षक मोहित वर्मा के साथ उसकी शादी तय हुई है। बारात आने के बाद जयमाला की रस्म भी हो चुकी थी। रुपयों और ज्वैलरी का बैग दुल्हन के भाई अमित वर्मा के हाथ में था। लेकिन रात करीब डेढ़ बजे अमित रुपयों का बैग स्टेज पर ही रखकर पानी पीने चला गया। कुछ मिनट बाद वह आया तो बैग गायब था।
रुपयों और ज्वैलरी का बैग गायब होने से अमित के होश फाख्ता हो गए। उसने बैग की तलाश शुरू की और परिजनों को बताया। पूरे मंडप में बैग की खोज की गई लेकिन बैग कहीं नहीं मिला। बैग में छह लाख रुपये और ज्वैलरी बताई जा रही है। देर रात पुलिस भी मौके पर पहुंच चुकी थी। पुलिस ने समारोह स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों कर फुटेज चेक की तो उसमें एक युवक को बैग ले जाते दिखाया गया है। शुरू में कहा गया कि बैग ले जाने वाला युवक होटल का ही वेटर है लेकिन बाद में उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। देर रात तक पुलिस मामले की छानबीन में जुटी थी।