मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में शनिवार शाम को मोबाइल चोरी के आरोपी को खंभे से बांधकर पीटा गया। इसके बाद उसे पुलिस के पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। कटघर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है।
कटघर के गोविंदनगर में रहने वाले पकोड़ी विक्रेता विमल किशोर गुप्ता ने बताया कि उनके घर से करीब एक माह पहले मोबाइल चोरी कर लिया गया था। आरोप उनके ही मकान में पूर्व में रहने वाले किराएदार जगवीर पर है। विमल ने मोबाइल चोरी की शिकायत मझोला थाने में की थी। आरोप है कि पुलिस ने शिकायत मिलने पर कार्रवाई के बजाय आरोपी को पकड़ने का जिम्मा पीड़ित को ही दे दिया। आरोपी की तलाश में पीड़ित ने काफी प्रयास किए लेकिन वह नहीं मिल रहा था। शनिवार को गोविंदनगर आउटर के पास विमल किशोर गुप्ता पकौड़ी बेच रहे थे। इस दौरान ही उनको जगवीर जाता हुआ दिखा। जिसे उन्होंने रुकने के लिए आवाज लगाई तो वह भागने लगा। विमल किशोर गुप्ता ने उसे भागकर पकड़ लिया। जिसके बाद उनको आरोपी ने दांत से काटा और मारपीट कर भागने की कोशिश की। इस दौरान अन्य लोग भी पहुंच गए और उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई की गई और पास ही एक खंभे पर ले जाकर उसे बांध दिया गया। खंभे से उसको बांधने के दौरान भी पीटा गया, हालांकि विमल किशोर लोगों से गुहार लगाते रहे कि उसे पीटें नहीं। बस खंभे से बंधा रहने दें, ताकि पुलिस उसे पकड़ ले। उन्होंने पुलिस को फोन कर सूचना दी। एसएचओ कटघर देवेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान उसने मोबाइल चोरी की वारदात को कबूला है। रविवार को आरोपी का चालान किया जाएगा।