मुरादाबाद। अमरोहा जिले में तैनात एक लेखपाल शादी का झांसा देकर लंबे समय तक मऊ की युवती के साथ लिव इन रिलेशन में रहा। बाद में शादी के वादे से मुकर गया। लेखपाल के मुंह फेरने पर युवती ने दूसरे युवक से शादी कर ली तो लेखपाल फिर से उसे सपने दिखाने लगा। प्यार का वास्ता देकर उसने युवती से पति का घर छुड़वा दिया। एक सप्ताह तक युवती को साथ रखा और फिर मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गया। युवती ने आरोपी लेखपाल के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है।
मऊ में एक गांव की रहने वाली युवती ने सिविल लाइंस पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह 2014 में कानपुर में कोचिंग सेंटर पर एमबीए की तैयारी कर रही थी। इस दौरान उसकी मुलाकात मऊ जनपद के घोसी थानाक्षेत्र के गांव निवासी युवक से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। युवती का आरोप है कि प्रेमी ने उसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी युवक की नौकरी लेखपाल के पद लग गई। वह वर्तमान में अमरोहा में तैनात है। सरकारी नौकरी पाने के बाद युवक ने उससे किनारा करना शुरू कर दिया। युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया था। तब परिजनों ने युवती की शादी दूसरे युवक से कर दी। इसके बाद भी आरोपी लेखपाल उससे संपर्क करता रहा और उस पर दबाव बनाया कि वह अपने पति को छोड़ दे। लेखपाल ने झांसा दिया कि यदि वह पति को छोड़ देगी तो वह उससे शादी कर लेगा। युवती ने पुलिस को बताया कि लेखपाल के कहने पर वह अपने पति को छोड़कर उसके पास आ गई। लेकिन एक सप्ताह अपने साथ रखने के बाद लेखपाल फिर से अपने वादे से मुकरने लगा। उसने मऊ थाने में तहरीर दी। तब आरोपी और उसके परिजन लिखित में देकर आए कि वह युवती को अपने साथ ले जाने को तैयार हैं। युवती ने बताया कि लेखपाल उसे मुरादाबाद ले आया था। उससे कहा था कि उसके पिता पीएसी में कार्यरत हैं। एक सप्ताह तक उसे यहां रखा गया। 16 फरवरी को लेखपाल ने युवती से कहा कि वापस मऊ चल रहे हैं। वह युवती को लेकर रेलवे स्टेशन आया और फिर स्टेशन पर छोड़कर गायब हो गया। इंस्पेक्टर नवल मारवाहा ने बताया कि युवती ने लिखित में शिकायत की है, लेकिन लेखपाल के परिजन युवती को अपने साथ ले गए हैं। उनका कहना है कि वह दोनों की शादी करा देंगे।
सोलह फरवरी से थाने के चक्कर लगा रही युवती
मुरादाबाद। युवती का कहना है कि उसका प्रेमी उसे सोलह फरवरी को रेलवे स्टेशन पर छोड़कर चला गया था। इसके बाद उसने प्रेमी की तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। उसने अपना मोबाइल भी स्विच आफ कर लिया। इसके बाद उसने थाने में आकर तहरीर दी। लेकिन आरोपी के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया गया।