मुरादाबाद। लोकोशेड पुल की सड़क में आई दरार को पीडब्ल्यूडी ने भर दिया है। त्योहार के मद्देनजर धंसी हुई सड़क में कंंक्रीट भरकर मरम्मत करा दी गई है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है कि नगर निगम की ओर से पुल के किनारे लगाए गए होर्डिंग्स के कारण सड़क में दरार आई है।
शुक्रवार को पुल की सड़क में दरार देखकर जागरूक नागरिकों ने इसकी सूचना लोक निर्माण विभाग को दी थी। वहीं लोकोशेड पुल के किनारे बसी चंद्रनगर कॉलोनी के निवासियों ने भी इस पर चिंता जताई थी। उनका कहना था कि पुल से कॉलोनी में जाने के लिए सीढ़ियां बनी हैं, सड़क में दरार आने पर सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों के अलावा स्थानीय लोगों को भी खतरा हो सकता है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कुलदीप संत का कहना है कि शनिवार दोपहर में मरम्मत के बाद पुल को दुरुस्त करा दिया गया है। नगर निगम की ओर से पुल के किनारे लगाए गए होर्डिंग्स से सड़क में दरार आ गई थी। इसमें कंक्रीट भरकर डामर डलवा दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से कोई खतरा नहीं है।