ठाकुरद्वारा। शिवनगर पत्थरखेड़ा के चर्चित गोकशी के मामले में पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य सहित नौ अभियुक्तों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने 25 जुलाई को गांव के जंगल में कुछ लोगों को गोकशी करते पकड़ा था। इनमें से गांव किशनपुर गांवड़ी निवासी अली हसन समेत तीन लोगों को मौके से पकड़ लिया गया था। जबकि कुछ लोग पिकअप से कूद कर भाग गए थे। इस मामले में पुलिस ने किशनपुर गांवड़ी निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य जरीफ अहमद समेत आठ लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम 1955 और पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज की थी। जबकि विवेचना में बैल खरीदने वाले को नौवां अभियुक्त बनाया गया।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य जरीफ अहमद की गिरफ्तारी को लेकर साधु संतों और ग्रामीणों ने आंदोलन किया था। पूर्व पंचायत सदस्य जरीफ अहमद ने थाने में समर्पण कर दिया था। सभी अभियुक्त इस समय जमानत पर हैं। पुलिस ने अब उनके खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार ने अभियुक्तों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल होने की पुष्टि की है।