रामपुर की पूर्व सांसद व अभिनेत्री जयाप्रदा पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले मे मंगलवार टल गई। अब इस मामले में पांच जनवरी को सुनवाई होगी। 2019 में कटघर थानाक्षेत्र के मुस्लिम डिग्री कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में रामपुर के पूव सांसद एवं अभिनेत्री जयाप्रदा पर अभद्र टिप्पणी की गई थी।
इस मामले में रामपुर निवासी मुस्तफा हुसैन ने मुरादाबाद के सपा सांसद डॉ. एसटी हसन, आजम खां, अब्दुल्ला आजम, फिरोज खां, मोहम्मद आरिफ, रामपुर के पूर्व चेयरमैन अजहर खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसकी सुनवाई एमपी एमएलए स्पेशल कोर्ट एसीजेएम चतुर्थ स्मिता गोस्वामी की कोर्ट में की जा रही है। विशेष लोक अभियोजक मोहनलाल विश्नोई ने बताया कि मंगलवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट अवकाश पर होने के कारण सुनवाई नहीं हो पाई। अब इस मामले में पांच जनवरी को सुनवाई की जाएगी।
आजम खान के खिलाफ अदालत की अवमानना के मामले में बुधवार को होगी सुनवाई
सपा नेता आजम खां के खिलाफ अदालत की अवमानना के मुकदमे की सुनवाई बुधवार को एमपी एमएलए स्पेशल मजिस्ट्रेट कोर्ट में की जाएगी। इस मुकदमे में वादी पक्ष की ओर से मंगलवार को गवाह प्रस्तुत किया जाना था, किंतु न्यायिक मजिस्ट्रेट के अवकाश पर होने के कारण गवाह प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस मामले में बुधवार को वादी पक्ष अपना गवाह प्रस्तुत करेगा।