मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल में शुक्रवार को फिर हादसा बच गया। कांकाठेर और गढ़ मुक्तेश्वर के बीच शुक्रवार सुबह जन सेवा एक्सप्रेस ट्रेन दो हिस्सों में गई। गनीमत रही कि डिब्बों के पहिये पटरी से नहीं उतरे। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इसके बाद रेलवे कंट्रोल को सूचना दी। जिससे रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। डिब्बे जोड़ने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
शुक्रवार को जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन (14617) सहरसा से अमृतसर जा रही थी। ट्रेन सुबह नौ बजकर चौदह मिनट पर ट्रेन कांकाठेर से गढ़ मुक्तेश्वर के बीच गुजर रही थी। इसी दौरान इंजन से पहली और दूसरे नंबर की बोगी के बीच की कपलिंग टूट गई। जिससे ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। इंजन एक बोगी आगे निकल गई। इंजन में लाल सिगनल जलते ही चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। इसके बाद इंजन बैक किया गया। इसके बाद रेलवे कंट्रोल में इसकी जानकारी दी। इसके बाद चालक ने इंजन बैक किया और कपलिंग जोड़कर ट्रेन आगे के लिए रवाना किया। इस दौरान जय नगर से अमृतसर जाने वाली शहीद एक्सप्रेस भी बीच में रुकी रही।