मुरादाबाद। कनाडा से शादी समारोह में शामिल होने मुरादाबाद आए ट्रांसपोर्टर सुशील देव और उनकी पत्नी रेखा देव के साथ परिजन और रिश्तेदारों ने प्रॉपर्टी के विवाद में मारपीट की। सिविल लाइंस थाने की पुलिस ने सुशील देव की तहरीर पर उनके पिता, भाई, बहनोई, बहन और भांजे समेत सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
सिविल लाइंस के प्रकाश एन्क्लेव सोसायटी निवासी सुशील देव ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह करीब बीस साल से कनाडा के आनटेरियो में रहते हैं। वहां उनका ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। उनके दूसरे भाई अखिलेश देव भी कनाडा में रहते हैं। 13 अप्रैल 2026 को वह अपनी पत्नी रेखा देव के साथ भांजे जतिन की शादी में शामिल होने मुरादाबाद आया था। पांच मई को शादी समारोह था।
छह मई की रात करीब नौ बजे वह अपने प्रकाश एन्क्लेव सोसायटी वाले आवास में पत्नी और भतीजे जीत सिंह के साथ मौजूद था। इसी दौरान उनके बहनोई योगेंद्र पाल सिंह ने उन्हें अपने घर यह बात कहकर बुला लिया और कि प्रॉपर्टी के संबंध में बात करनी है। सुशील देव का कहना है कि उनका भाई, पिता और बहनोई से 17 बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
उन्होंने अपनी प्रॉपर्टी मांगी तो सभी उन पर भड़क गए और मारपीट करने लगे। उन्हें आवास से खींच कर सड़क पर ले आए और नीचे गिराकर पीटा। पत्नी रेखा बचाने आई तो उनके साथ भी मारपीट की। सुशील देव के भतीजे जीत सिंह ने कॉल कर पुलिस बुला ली। पुलिस ने घायल दंपती का मेडिकल कराया है।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुशील के पिता नरेंद्र देव, बहन राजेश्वरी देवी, भाई अखिलेश देव, अखिलेश देव के बेटे धनंजय देव, बेटी कमोलिका देव, बहनोई योगेंद्र पाल और भांजे केतन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटनास्थल की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मांगी गई है। जिससे घटना का सच सामने आ जाएगा।