मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण संपन्न होने पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली। सुबह से लेकर शाम तक अधिकारी फोर्स के साथ मंडी समिति में मौजूद रहे। इसके अलावा दिल्ली रोड से लेकर मंडी समिति पर जगह बैरियर लगाकर पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे।
मझोला क्षेत्र में मंडी समिति में शनिवार सुबह आठ बजे से थ्री लेयर सुरक्षा घेरे में मतगणना हुई थी। इस दौरान पांच सौ से अधिक पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री जवान तैनात रहे। इस दौरान सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की गई शनिवार सुबह छह बजे के बाद चौधरी चरण सिंह चाैक से मंडी समिति और प्रकाश नगर चौराहे तक वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया था।
चौधरी चरण सिंह चौक, पुतलीघर रोड मोड़ और दिल्ली रोड पर धर्मकांटा से मंडी समिति की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरियर लगाकर यहां पुलिसकर्मी और पैरा मिलिट्री फोर्स के जवान ड्यूटी पर लगा गए थे। इन प्वाइंट से बिना पास धारक को अंदर नहीं जाने दिया गया। डीएम अनुज कुमार सिंहऔर एसएसपी सतपाल अंतिल मतगणना स्थल पर मौजूद रहे।
इसके अलावा एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह, सिविल लाइंस सीओ अर्पित कपूर, हाईवे सीओ कुलदीप गुप्ता, कटघर सीओ आशीष सिंह, कोतवाली सीओ सुनीता दहिया और कांठ सीओ अपेक्षा निंबाडिया पुलिस टीमों के साथ मंडी समिति में मौजूद रहीं। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि मतगणना शांतिपूर्ण संपन्न हो गई।