पवांसा ब्लाक के एक गांव के एक शख्स ने अपनी प्रेमिका के साथ कोरोना जांच के लिए नमूना दिया। प्रेमिका ने अपना नाम तो सही लिखाया लेकिन पति की जगह प्रेमी का नाम लिखा दिया। जांच में महिला संक्रमित पाई गई। फिर तो स्वास्थ्य विभाग की टीम उसकी तलाश में जुट गई।
पति के नाम की वजह से टीम धोखा खा गई। जिस व्यक्ति का नाम लिखा हुआ था उस व्यक्ति की पत्नी को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आईसोलेशन वार्ड में दाखिले के लिए एंबुलेंस में जबरन बैठा लिया और कोविड अस्पताल के लिए रवाना कर दिया।
महिला कहती रह गई कि वह संक्रमित नहीं है, उसकी कोई जांच नहीं हुई है लेकिन टीम के सदस्यों ने एक नहीं सुना। जब महिला के नाम का खुलासा हुआ तो कुछ ग्रामीणों ने टीम को संक्रमित महिला की जानकारी दी। जिसके बाद आनन-फानन में एंबुलेंस को रोककर महिला को वापस गांव में छोड़ा गया।
एक गांव निवासी महिला का मायका बिहार का है। वह अपने मायके जाने के लिए निश्चिंत होने के लिए कोरोना जांच कराना चाह रही थी। इसलिए गांव निवासी अपने प्रेमी के साथ 9 जुलाई को पवांसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने पहुंच गईं। स्वास्थ्य केंद्र पर महिला ने अपना नाम तो सही दर्ज कराया लेकिन पति के नाम के बजाय अपने प्रेमी का नाम लिखा दिया।
सोमवार को आई रिपोर्ट में महिला के संक्रमित होने की पुष्टि हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। महिला के पति के नाम के आधार पर उसका घर तलाशने लगी। रिपोर्ट में जांच कराने वाली महिला के पति का जो नाम लिखा था, उसकी पत्नी को टीम ने जबरदस्ती एंबुलेंस में बैठा लिया। महिला ने कहती रह गई कि उसकी तो जांच भी नहीं हुई है तो वह संक्रमित कैसे हो गई।
ग्रामीण भी जमा हो गए। लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सबको अनसुना करते हुए महिला को एंबुलेंस में बैठाकर कोविड अस्पताल के लिए रवाना कर दिया। इसी दौरान ग्रामीणों ने रिपोर्ट पर दर्ज महिला का नाम जाना तो हकीकत सामने आ गई। ग्रामीणों ने बताया कि जिस महिला का नाम रिपोर्ट पर है। वह ग्रामीण की प्रेमिका है जबकि जो महिला कोविड अस्पताल जा रही है वह ग्रामीण की पत्नी है।
इस जानकारी के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एंबुलेंस को रोका और आला अधिकारियों को जानकारी दी। जब तक एंबुलेंस रोकी गई तब तक वह संभल के चौधरी सराय पहुंच गई थी। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद संक्रमित महिला को तलाश किया जा सका। क्योंकि संक्रमित महिला जानकारी होने पर गांव में ही इधर उधर हो गई थी। यह मामला गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।