मुरादाबाद जिला अस्पताल के वार्ड ब्वॉय महिपाल सिंह का दिल फैल गया था। वजन भी बढ़ गया था। दिल के चेंबर्स और एयोरटा यानी बड़ी धमनी में खून के थक्के भी मिले हैं। दोनों फेफड़ों के पास पस मिला है। इन सबकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के माध्यम से हुई है।
बता दें कि महिपाल के बेटे के मुताबिक 15 दिन से वह निमोनिया से जूझ रहे थे। कोरोना टीकाकरण के अगले दिन रविवार को मौत होने के कारण वॉर्ड ब्वॉय महिपाल का मामला चर्चा में आ गया था। सीएमओ डॉ. एमसी गर्ग के मुताबिक जिला अस्पताल के वार्ड ब्वॉय महिपाल सिंह की मौत हार्ट अटैक और सेप्टिसेमिक शॉक से हुई थी। इसकी वजह कार्डियो पलमोनरी डिसीस है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिपाल के फेफड़ों के पास पस मिला है। फेफड़ों का वजन 1300 ग्राम पाया गया, जो सामान्य से अधिक था। ऐसे ही दिल की मांसपेशियां कमजोर मिलीं हैं। दिल के बाएं वैनट्रिकल यानी निलय का आकार भी बढ़ गया था।
दिल के चेंबर्स और बड़ी धमनी में काफी मात्रा में खून के थक्के पाए गए हैं। दिल का वज़न करीब 500 ग्राम पाया गया, जबकि सामान्य तौर पर दिल का वजन 200 ग्राम होता है।