मुरादाबाद। 72 घंटे खांसी, जुकाम, बुखार से पीड़ित रहने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई। कोरोना की आशंका के मद्देनजर इस व्यक्ति का शव मोर्चरी में सुरक्षित रख दिया गया है ताकि उसका सैंपल लेकर कोरोना की जांच कराई जा सके।
कोरोना आशंकित 59 वर्षीय ग्रामीण छजलैट थानाक्षेत्र के गांव का रहने वाला था। सोमवार दोपहर डेढ़ बजे परिजन और बेटी उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। व्यक्ति अचेत अवस्था में था। इमरजेंसी में तैनात डाक्टर ने चेकअप के बाद ग्रामीण को मृत घोषित किया। पूछताछ करने पर परिजनों ने डाक्टर को बताया कि वह पिछले तीन दिन से बीमार थे। उन्हें बुखार के साथ ही खांसी, जुकाम की शिकायत थी। डाक्टर एके सिंह ने बताया कि पीआई थाने में भिजवा दी गई है। इसके अलावा शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस नवल मारवाहा ने बताया कि पीआई आने पर अफसरों को अवगत कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम आकर कोरोना जांच के लिए सैंपल लेगी। जिस तरह के लक्षण आने के बाद मौत हुई है उससे कोरोना की आशंका प्रबल है।