मुरादाबाद। दूसरी लहर में कोरोना संक्रमण की रफ्तार पिछले अप्रैल की तुलना में 28 गुना बढ़ गई है। अप्रैल 2020 में जिले में 116 लोग संक्रमित पाए गए थे। वहीं इस साल अप्रैल के सिर्फ पांच दिनों में ही 207 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। ऐसे में अपनी लापरवाही पर लॉक लगाएं। सामाजिक दूरी बनाएं। मास्क और सैनिटाइजर का इस्तेमाल कर कोरोना संक्रमण की रफ्तार को डाउन करें। वरना संक्रमण की यही रफ्तार रही तो इस महीने संक्रमित मरीजों का आंकड़ा एक हजार के पार हो जाएगा।
पिछले साल लॉकडाउन के दौरान लोग घरों में रहे। कोरोना संक्रमण से बचने के हर संभव उपाए किए गए। लॉकडाउन खुलने के बाद भी लोगों ने सामाजिक दूरी बनाए रखा। मास्क और सैनिटाइजर का इस्तेमाल किया। लेकिन इस साल दूसरी लहर में संक्रमण की रफ्तार दिनों दिन बढ़ने लगी है। पिछले मार्च में जहां एक पॉजिटिव केस था, वहीं इस साल मार्च में ये संख्या 190 हो गई। ऐसे ही अप्रैल के तीस दिनों में पिछले साल कुल 116 पॉजिटिव केस मिले थे, लेकिन इस बार अप्रैल के पांच दिनों में ही ये संख्या 207 पहुंच गई है। ऐसे में पहले की तरह एहतियात बरतने की जरूरत है। अपनी लापरवाही को घरों में लॉक कर दें। बाहर पूरी सावधानी के साथ ही निकलें। कोरोना से बचाव के हर एहतियाती कदम उठाएं। तभी कोरोना की रफ्तार पर ब्रेक लग सकेगा।
एक नजर आंकड़े पर
- मार्च 2020 में 01 पॉजिटिव केस, मार्च 2021 में 190 पॉजिटिव केस
- अप्रैल 2020 में 116 पॉजिटिव केस, अप्रैल 2021 के पांच दिन में 207 पॉजिटिव केस
पिछले साल ये बरती थीं सावधानी
- सामाजिक दूरी बनाई
- मास्क और सैनिटाइजर का इस्तेमाल करते थे
- बाजार से सामान लाने पर उसे पहले सैनिटाइज करते थे
- बाजार के सामान को दो से तीन घंटे बाद इस्तेमाल में लाते थे
- बाहर से आने पर बिना नहाएं परिवार के बीच नहीं जाते थे, कपड़े भी बाहर ही उतारते थे
- नहाने में गर्म पानी का इस्तेमाल करते थे
- काढ़े का भी खूब इस्तेमाल किया गया
- दूसरों से मिलने या उनके घर जाने से परहेज किया