मुरादाबाद। टीएमयू के प्राइवेट वार्ड में भर्ती कोरोना संक्रमित प्रथमा बैंक की मुख्य शाखा में तैनात वरिष्ठ प्रबंधक एकाउंट ने गुरुवार रात छठी मंजिल से कूदकर जान दे दी। वरिष्ठ प्रबंधक हाइपरटेंशन और डायबिटीज के मरीज थे। घटना के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। पुलिस और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच गईं। शव कब्जे में लेकर वीडियो फुटेज खंगाली जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक उनके छत से कूदने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग के मुताबिक रामगंगा विहार निवासी 42 वर्षीय राजेश कुमार डायबिटीज और हाइपर टेंशन पीड़ित थे। राजेश कुमार को बुखार भी था। उन्होंने कांठ रोड के एक निजी अस्पताल में अपना इलाज कराया। अस्पताल ने 21 अगस्त को राजेश का कोरोना सैंपल कराया। सैंपल पॉजिटिव आने पर से होम आइसोलेट कर दिया। होम आइसोलेट के दौरान राजेश कुमार को घबराहट महसूम होने लगी और राजेश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के हरथला जोन प्रभारी डा. सुधीर अग्रवाल को फोन कर अस्पताल में भर्ती करवाने का आग्रह किया। स्वास्थ्य विभाग ने राजेश कुमार को 25 अगस्त को टीएमयू में भर्ती करवा दिया। परिवार के सदस्यों के सैंपल निगेटिव आ चुके हैं।
टीएमयू अस्पताल के नोडल डा. वीके सिंह ने बताया कि राजेश कुमार अस्पताल की छठी मंजिल में प्राइवेट वार्ड में भर्ती थे। उनका शुगर कंट्रोल में था और हाइपर टेंशन की भी शिकायत नहीं थी। वो काफी तेजी से रिकवरी कर रहे थे। गुरुवार रात करीब नौ बजे उनकी मौत की खबर मिली। राजेश कुमार का शव छठी मंजिल से नीचे पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ राम सागर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या लग रही है। हर पहलु से जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर घटना स्थल से साक्ष्य संकलित कर लिए हैं।
15 दिन पहले किया था ज्वाइन
राजेश कुमार ने लगभग 15 दिन पहले यहां ज्वाइन किया था। इससे पहले वह प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक थे। वहां से उनका तबादला मुरादाबाद मुख्य शाखा के लेखा विभाग में कर दिया गया था।