कोरोना से संक्रमित न्यूज चैनल की महिला पत्रकार की शुक्रवार को मौत हो गई। 11 नए संक्रमित मरीजों के साथ ही पत्रकार की सैंपल रिपोर्ट भी आई थी। नए संक्रमित मरीजों में पुलिस लाइन के दो दारोगा, कोतवाल का ड्राइवर, लोको पायलट और एक दंपती भी शामिल है। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमितों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवा दिया है। 11 नए मरीजों के साथ जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 425 और मृतकों की संख्या 19 पहुंच गई है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि गलशहीद थाना क्षेत्र निवासी न्यूज चैनल की महिला पत्रकार (31 साल) को 24 जून को टीएमयू में भर्ती कराया गया। पत्रकार को सांस लेने में परेशानी थी और उसका सैंपल भेजा गया था। पत्रकार दिल्ली में एक न्यूज चैनल की सीनियर कॉपी एडिटर थी। 40 दिन पहले पत्रकार के छोटे भाई की दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। भाई कोरोना आशंकित था और उसे टीएमयू से रेफर किया गया था। हालांकि, उसका सैंपल निगेटिव आया। पत्रकार ही दिल्ली से भाई का शव लेकर मुरादाबाद आई थी और तभी से मुरादाबाद में परिवार के साथ रह रही थी।
शुक्रवार दोपहर उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई और शाम करीब साढ़े पांच बजे मौत हो गई। पत्रकार के पिता वाणिज्य कर विभाग में नौकरी करते हैं।
डा. गर्ग ने बताया कि पुलिस लाइन में रहने वाले 43 वर्षीय और 59 वर्षीय सब इंस्पेक्टर भी कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इनमें एक दारोगा बिजनौर और दूसरा अमरोहा जिले से तबादला होकर मुरादाबाद आया है। दोनों ने 16 जून को मुरादाबाद पुलिस लाइन में आमद दर्ज कराई है। थाना कोतवाली के निरीक्षक की गाड़ी का 47 वर्षीय ड्राइवर भी पॉजिटिव आया है।
इससे कोतवाली में हड़कंप मचा है। चालक के संपर्क में आए पुलिस कर्मियों को होम क्वारंटीन कर दिया है। बर्तन बाजार स्थित स्पोर्ट्स ट्राफी की दुकान का 40 वर्षीय मालिक भी संक्रमित आया है। बुद्ध बाजार के पास ही रहने वाले दुकान संचालक को कुछ दिनों से बुखार और खांसी की शिकायत थी। बिलारी शाहबाद रोड निवासी 58 साल की महिला संक्रमित आई है। महिला और उसका पति बुखार से पीड़ित थे। दोनों का सैंपल कराया गया था। महिला पॉजिटिव आई है, जबकि पति निगेटिव है।\
रेलवे विभाग में कार्यरत 51 वर्षीय लोको पायलट भी संक्रमित आया है। सम्राट अशोक नगर निवासी लोको पायलट की ड्यूटी पिछले कई दिनों से शंटिंग में लगी थी। बुखार की शिकायत के बाद उसका सैंपल कराया गया। लोको पायलट की पत्नी और बेटा भी बुखार से पीड़ित हैं। विभाग ने उनका सैंपल भी लिया है। ढकिया निवासी 32 वर्षीय युवक भी कोरोना संक्रमित आया है। युवक ग्रेटर नोएडा में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। कंपनी में कुछ कर्मियों के संक्रमित आने के बाद उसका रैंडम सैंपल किया गया था। सैंपल पॉजिटिव आने के बाद युवक को मुरादाबाद रेफर किया गया है। आर्य नगर निवासी दंपती और उनकी बेटी पॉजिटिव आई है।