मुरादाबाद। बरबलान मुगलपुरा के एक कोरोना पॉजिटिव की दिल्ली में मौत हो गई। मृतक की पत्नी समेत तीन नए कोरोना पॉजिटिव केस भी आए हैं। इनमें निजी अस्पताल की वार्ड आया की मौसेरी बहन भी शामिल है। मुरादबाद जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ और मरीजों की संख्या 111 हो गई है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि बरबलान निवासी 60 साल के बुजुर्ग किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। सांई अस्पताल में 21 अप्रैल को उनकी डायलिसिस हुई। इसी अस्पताल में मुलगपुरा निवासी 63 साल की महिला ने भी 16 और 18 अप्रैल को डायलिसिस कराई। 19 अप्रैल को महिला को परिवारजन डिस्चार्ज करवा कर ले गए। महिला में कोरोना के लक्षण थे और उसने 22 अप्रैल को निजी लैब में कोरोना की जांच कराई। सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर परिजन उसे टीएमयू ले गए। वहां से उसे मेरठ मेडिकल कालेज रेफर हो गई।
सांई अस्पताल प्रशासन ने जानकारी मिलने पर एहतियातन 22 अप्रैल को डायलिािसस यूनिट बंद कर दी। 16 अप्रैल से 22 अप्रैल तक डायलिसिस कराने वाले मरीजों को अस्पताल बुलवाकर 24 अप्रैल को उनके सैंपल कराए। साथ ही डायलिसिस यूनिट स्टाफ और अस्पताल स्टाफ के भी सैंपल कराए। 27 अप्रैल को डायलिसिस कराने वाले बुजुर्ग और वार्ड आया की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। डायलिसिस यूनिट बंद होने पर संक्रमित बुजर्ग को दिल्ली रेफर कर दिया। स्वास्थ्य विभाग ने भी संक्रमित बुुजुर्ग की पत्नी समेत परिवार के लोगों के सैंपल कराए। संक्रमित बुुजुर्ग का दिल्ली के लोकनारायण अस्पताल में इलाज चल रहा था। गुरुवार आधी रात उनकी मौत हो गई। शुक्रवार को शव मुरादाबाद पहुंचने पर मुगलपुरा कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में दफनाया गया।
देर शाम लखनऊ से 106 सैंपल की रिपोर्ट आई। इनमें तीन नए पॉजिटिव केस और दो की रिपोर्ट में संशय है। जबकि 101 निगेटिव हैं। पॉजिटिव रिपोर्ट में बरबलान के मृतक बुजुर्ग की 52 साल की पत्नी भी पॉजिटिव है। इसके अलावा चाऊ की बस्ती की 21 साल की युवती कोरोना पॉजिटिव आई है। युवती सांई अस्पताल की वार्ड आया की मौसेरी बहन है। जबकि तीसरी 34 साल की महिला लाल स्कूल मुगलपुरा निवासी है। महिला कोरोना संक्रमित के परिवार से जुड़ी है। सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि तीनों पॉजिटिव केस संक्रमित परिवारों से हैं।