मुरादाबाद। टीएमयू में भर्ती मुरादाबाद और धामपुर की संक्रमित महिलाओं की मौत हो गई। धामपुर की महिला गर्भपात कराने वहीं एक अपंजीकृत डाक्टर के पास गई थी। गर्भपात तो नहीं हुआ, लेकिन महिला कोरोना की चपेट में आ गई और गंभीर हालत में टीएमयू में उसकी मौत हो गई। शनिवार को 136 पॉजिटिव मरीज भी आए हैं। इनमें ट्रू नेट से जिला अस्पताल के तीन डाक्टर शामिल हैं। जिले में मृतकों की संख्या बढ़कर 106 और संक्रमितों की 4933 हो गई है।
धामपुर बिजनौर की 24 वर्षीय महिला की शुक्रवार रात टीएमयू में मौत हो गई। महिला के दो बच्चे हैं। प्रेगनेंट होने पर वह तीसरा बच्चा नहीं चाहती थी। पति ऑटो चलाता है। महिला 26 अगस्त को वहीं एक अपंजीकृत डाक्टर के पास गर्भपात कराने गई। अपंजीकृत डाक्टर की दवाओं से महिला का गर्भपात तो नहीं हुआ, लेकिन उसकी हालत बिगड़ गई। गंभीर हालत में परिवार के लोगों ने महिला को 27 अगस्त को कांठ रोड स्थिति निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी कोरोना जांच हुई। पॉजिटिव आने पर शुक्रवार दोपहर पौने चार बजे उसे टीएमयू रेफर किया गया और देर रात उसकी मौत हो गई।
मुरादाबाद रेलवे हरथला कालोनी निवासी 54 वर्षीय महिला ने शुक्रवार देर रात टीएमयू में दम तोड़ दिया। महिला को गंभीर हालत में शुक्रवार रात सवा ग्यारह बजे भर्ती कराया गया था। मृतका के बेटे ने बताया कि मां को शुगर की परेशानी थी। 20 अगस्त को रेलवे अस्पताल में भर्ती कराने के बाद चक्कर और सांस लेने में परेशानी होने पर विवेकानंद अस्पताल रेफर किया गया। वहां 27 अगस्त को कोरोना जांच पॉजिटिव आने पर टीएमयू रेफर किया गया।
रैपिड एंटीजन में 85 संक्रमित मिले हैं। इनमें मझोला जोन से 14, टाउन हॉल से दस, कानून गोयान से एक, किसरौल से चार, हरथला से आठ, मूंढापांडे से दो, कांठ से नौ, कुंदरकी से चार, ताजपुर से 11, भोजपुर और डिलारी से छह-छह, ठाकुरद्वारा से एक और बिलारी से नौ कोरोना पॉजिटिव आए हैं।