मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण के बढ़ते रफ्तार के बीच राहत भरी खबर है। जिले के चार संक्रमितों की जीनोमिक सिक्वेंसिंग जांच में कोरोना का नया स्ट्रेन नहीं मिला है। नए स्ट्रेन का पता लगाने के लिए एक ही परिवार के चार संक्रमितों का सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा गया था। तेरह दिन बाद आई जीनोमिक सिक्वेंसिंग की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
शहर के एक निजी शैक्षिक संस्थान के प्रोफेसर को बुखार खांसी की शिकायत थी। कोरोना की आशंका होने पर जांच कराई तो सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद पत्नी और दो बच्चों का भी सैंपल लिया गया। तीनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एक ही परिवार में चार सदस्यों के पॉजिटिव होेने पर सेहत महकमे ने चारों का जीनोमिक सिक्वेंसिंग जांच कराने का निर्णय लिया। 18 मार्च में चारों का सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा गया। तेरह दिन बाद मंगलवार को रिपोर्ट आई। सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि चारों सैंपलों की रिपोर्ट आ गई है। चारों संक्रमितों में कोरोना का नया स्ट्रेन नहीं मिला है। जीनोमिक सिक्वेंसिंग की रिपोर्ट निगेटिव आई है।