मुरादाबाद। सिविल लाइन थाने के सिपाही की कोरोना संक्रमित पत्नी और नवजात शिशु समेत 137 लोगों की बुधवार को निगेटिव रिपोर्ट आ गई है। सिपाही की पत्नी के संक्रमित होने के बाद सोमवार को टीएमयू में ही डिलीवरी हुई थी। पत्नी के अलावा एहतियातन नवजात बेटे का भी सैंपल कराया गया था। निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद मां-बेटे के अलावा अर्बन हेल्थ कोआर्डिनेटर समेत 15 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज भी हो गए।
सीएमओ ने बताया कि बुधवार को केजीएमयू से 146 लोगों की सैंपल रिपोर्ट जारी हुई। इसमें 137 निगेटिव हैं। निगेटिव में सिपाही की संक्रमित पत्नी और उसका बेटा, स्वास्थ्य विभाग के अर्बन हेल्थ कोआर्डिनेटर भी शामिल हैं। सीएमओ ने बताया कि सिपाही की पत्नी की डिलीवरी के बाद एहतियातन शिशु का सैंपल कराया गया था। उसका सैंपल निगेटिव आया है। अर्बन हेल्थ कोआर्डिनेटर ने बताया कि टीएमयू के स्टाफ ने कोरोना से लड़ने का हौसला दिया। बुधवार को टीएमयू से नौ और विवेकानंद नर्सिंग सेंटर से छह लोगों को डिस्चार्ज किया गया।