मुरादाबाद। रामपुर में तैनात कोरोना संक्रमित पुलिस कर्मी की पत्नी और चेन्नई से लौटे सैलून कर्मी समेत सात नए कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इनमें पांच मरीज मुरादाबाद और दो संक्रमित अमरोहा और बिजनौर जिलों के शामिल हैं। मुरादाबाद के संक्रमित पांच मरीजों में 70 साल के बुजुर्ग की सोमवार को मौत हो चुकी है। जिले के पांच नए मरीजों के साथ मुरादाबाद में संक्रमितों की संख्या 280 और मृतकों का आंकड़ा 12 पहुंच गया है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि हिमगिरी कालोनी में रहने वाले पुलिस कर्मी की 44 साल की पत्नी पॉजिटिव आई है। पुलिस कर्मी की रामपुर में तैनाती है और पिछले सप्ताह ही उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पुलिस कर्मी अभी टीएमयू में भर्ती है। परिवार के सात लोग होम क्वारंटीन थे। पत्नी को बुखार की शिकायत पर उसका सैंपल कराया गया था। आठ जून को चैन्नई से लौटा मूंढापांडे ब्लाक के धतुरा नगला निवासी 23 साल का प्रवासी सैलून कर्मी भी संक्रमित आया है। सैलून कर्मी का रैंडम सैंपल लिया गया था।
गलशहीद थाना क्षेत्र के दस सराय पुलिस चौकी के पास रहने वाले 36 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव आया है। युवक की केबिल और मोबाइल फोन रिचार्ज की दुकान है। युवक का किरायेदार रविवार को ही संक्रमित आया था। इसके बाद युवक और उसके परिवार के लोगों के सैंपल कराए गए थे। इसमें युवक संक्रमित आया है। वहीं, डिप्टी गंज निवासी 70 साल के रेलवे रिटायर्ड कर्मचारी की भी संक्रमित रिपोर्ट आई है। शनिवार को लकवे की शिकायत के बाद बुजुर्ग को सांई अस्पताल में भर्ती कराया था। सांई अस्पताल से उनका सैंपल कराया गया, जो पॉजिटिव आया है। असालतपुरा निवासी 65 साल के बुजुर्ग की भी पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। बुजुर्ग गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थे और सोमवार को उनकी मौत हो चुकी है। सोमवार को बुजुर्ग को परिजन उसे दिल्ली रोड एक निजी अस्पताल ले गए थे। अस्पताल ने भर्ती करने से मना कर दिया। इसके बाद परिजन बुजुर्ग को जिला अस्पताल लेकर गए। वहां से घर लौटते वक्त बुजुर्ग की मौत हो गई। इसके बाद ही उनका सैंपल हुआ था।
टीएमयू में भर्ती बिजनौर से 65 वर्षीय बुजुर्ग और अमरोहा से 31 साल के युवक की भी पॉजिटिव रिपोर्ट है। दोनों लोगों का टीएमयू से सैंपल हुआ है। सीएमओ ने बताया कि अमरोहा और बिजनौर के संक्रमित मरीजों की संख्या उन्हीं के जिलों में जुड़ेगी। अस्पताल में पहले से भर्ती दो मरीजों का रिपीट सैंपल भी पॉजिटिव आया है।