मुरादाबाद। कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने पर 62 दिन बाद आज (बुधवार) से कोविड एल-टू अस्पताल चालू हो जाएगा। तीन शिफ्टों में डाक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। मंगलवार को सीएमओ ने एल-टू अस्पताल का जायजा भी लिया। मरीजों की संख्या कम होने पर तीन फरवरी को एल-टू अस्पताल बंद कर दिया था।
लॉकडाउन में कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए नौ अप्रैल 2020 को जिला अस्पताल परिसर में मैटरनिटी विंग में 100 बेड के एल-1 अस्पताल की शुरुआत की गई थी। बाद में बढ़ते मरीजों की संख्या के दबाव को देखते हुए इस अस्पताल को एल-2 में कनवर्ट कर दिया गया था। बीस बेड का आईसीयू भी तैयार किया गया था। इस अस्पताल में 700 से 800 मरीजों को भर्ती किया गया। वहीं आईसीयू में गंभीर 92 मरीजों को इलाज मिला। 14 जनवरी के बाद यहां मरीज भर्ती नहीं हुए। तीन फरवरी को इस अस्पताल को बंद कर दिया गया। लेकिन दूसरी लहर में मरीजों की संख्या बढ़ने पर मार्च में ही एल-टू अस्पताल को दोबारा से तैयार कर दिया गया। बुधवार से इस अस्पताल में मरीजों को भर्ती करना शुरू कर दिया जाएगा। 24 घंटे के लिए तीन-तीन शिफ्ट में डाक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगा दी गई है। मंगलवार को सीएमओ डा. एमसी गर्ग और एल-टू अस्पताल के प्रभारी डिप्टी सीएमओ डा. एसके बेलवाल ने अस्पताल का जायजा लिया।
- बुधवार से कोविड मरीजों के लिए एल-टू अस्पताल चालू कर दिया जाएगा। डाक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की ट्रेनिंग करा दी गई है। ड्यूटी भी लगा दी गई है। हर शिफ्ट में एक-एक डाक्टर रहेंगे। मरीज बढ़ने पर डाक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की संख्या भी बढ़ा दी जाएगी।
- डा. एमसी गर्ग, सीएमओ
ये किए गए इंतजाम
- 10 तरह के इंजेक्शन
- 12 तरह की दवाएं
- 08 ऑक्सीजन सिलिंडर
- 7000 एंटीजन किट
- 57000 वीटीएम
- 30 आईसीयू बेड
- 10 वेंटीलेटर
- 23 एचएफएनसी
- 30 आईसीयू मॉनीटर सिस्टम