मुरादाबाद। जिले में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद महानगर के आठ हॉटस्पॉट एरिया में कोरोना संक्रमितों को ढूंढने के लिए पूरी ताकत झोंक चुके जिला प्रशासन ने अब शहर के बाकी हिस्सों में पूल टेस्ट के जरिए वायरस का पता लगाने का फैसला किया है। स्वास्थ्य विभाग के लअधिकारियों के सुझाव के बाद जिलाधिकारी ने शासन को पत्र लिखकर इसकी अनुमति मांगी है। डीएम का कहना है कि अगले एक सप्ताह के अंदर महानगर में डोर टु डोर फल,सब्जी, दूध और अन्य सामान डिलीवर करने वाले लोगों का पुल टेस्ट कराया जाएगा। सफाई कर्मियों की भी पूल टेस्ट के जरिए जांच होगी। मेरठ में इसका प्रयोग पहले ही शुरू हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की बढ़ती संख्या पर अफसरों ने चिंता जताई। विचार विमर्श करने के बाद जिलाधिकारी ने जिले में पूल टेस्टिंग कराने का फैसला लिया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी इसे अधिक लाभदायक बताया है। पूल टेस्ट की अनुमति के लिए डीएम ने शासन को पत्र लिखा है। डीएम ने बताया कि महानगर में डोर टु डोर फल, सब्जी, दूध, दवाएं व अन्य सामान की डिलीवरी में लगे लोगों की एक सप्ताह के अंदर कोरोना जांच कराई जाएगी। ठेले वालों और सफाई कर्मचारियों की भी पूल टेस्टिंग के जरिए कोरोना जांच होगी। ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि फल सब्जी विक्रेता या फिर दूध और अन्य सामान लेकर घरों तक जा रहे लोग संक्रमण के दायरे में नहीं आए हैं। जिलाधिकारी ने कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मरीजों के मद्देनजर मरीजों को उपचार के लिए भर्ती करने को अन्य वैकल्पिक स्थानों पर भी स्वास्थ्य विभाग से राय मांगी। उन्होंने सीएमओ को भविष्य की आशंकाओं के मद्देनजर मरीजों को रखने की तैयारी की रणनीति एवं कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एमसी गर्ग ने कहा कि जनपद में स्थापित विभिन्न क्वारन्टीन सेंटर जहां पर सभी आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं मौजूद हैं वहां पर आवश्यकतानुसार मरीजों को रखा जा सकता है। डीएम ने बताया कि इससे संदिग्ध परिवारों के एक साथ सैंपल लेने में मदद मिलेगी।
क्या है पूल टेस्टिंग
पूल टेस्टिंग में पांच लोगों का रैंडम सैंपल लेकर उसे मिक्स कर देते हैं और फिर इसका एक टेस्ट करते हैं। अगर रिजल्ट निगेटिव आता है तो सभी को निगेटिव मान लिया जाता है। यदि रिजल्ट पॉजिटिव आता है तो फिर सभी का अलग-अलग सैंपल लेकर उसे जांच को भेजा जाता है।