मुरादाबाद। देश के बाकी हिस्सों की तरह सोमवार से मुरादाबाद को लॉक डाउन में रियायत मिलने नहीं जा रही है। मुरादाबाद में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने की वजह से एक उच्च स्तरीय मीटिंग के बाद जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है। डीएम का कहना है कि महानगर के सभी आठ हॉटस्पॉट एरिया में सोमवार से सख्ती और भी बढ़ाई जाएगी। डीएम ने साफ किया है कि कम से कम 26 अप्रैल तक मुरादाबाद जनपद में लॉक डाउन में कोई भी रियायत नहीं दी जाएगी। लॉक डाउन की सभी शर्तें पूर्व की भांति लागू रहेंगी। 26 अप्रैल को प्रशासन फिर से समीक्षा करके तब के हालात के आधार पर छूट देने पर विचार करेगा।
सोमवार यानी 20 अप्रैल से देश के कुछ हिस्सों में लॉकडाउन में कुछ छूट मिलने जा रही है। इनमें कुछ इंडस्ट्री शुरू होने के साथ ही ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों को भी सामान डिलीवर करने जैसी छूट शामिल है। लेकिन मुरादाबाद में फिलहाल यह रियायत नहीं मिलेगी। मुरादाबाद में रविवार को ही कोरोना के 18 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही जनपद में एक्टिव कोरोना केसों की संख्या 54 हो गई है। हालांकि जिले में अभी तक कुल 57 कोरोना केस प्रकाश में आए हैं। लेकिन इनमें से दो की मौत हो चुकी है। जबकि एक युवती ठीक हो कर घर जा चुकी है। हालांकि कोरोना से मरने वाला एक व्यक्ति संभल का रहने वाला था। जिले में भर्ती एक अन्य कोरोना एक्टिव पेशेंट भी संभल का ही रहने वाला है। पड़ोसी जनपद कोरोना संक्रमित मरीज जो मुरादाबाद में भर्ती होने के दौरान चिन्हित हुए हैं। उन्हें प्रशासन अपने जनपद में नहीं गिन रहा है। लिहाजा डीएम के अनुसार जिले में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 53 है।
रविवार को 18 नए मामले आने के बाद डीएम राकेश कुमार सिंह और एसएसपी अमित पाठक ने स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके ताजा हालात की समीक्षा की। बैठक के बाद जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में कोरोना के नए मामले सामने आने की वजह से फिलहाल जिले में लॉक डाउन में किसी भी प्रकार की कोई रियायत नहीं दिए जाने का फैसला लिया गया है। जनपद में लॉकडाउन पूर्व की भांति पूरी सख्ती से लागू रहेगा। इसके साथ ही महानगर में चिह्नित सभी 8 हॉटस्पॉट एरिया, जहां से कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं, उनमें सोमवार से सख्ती और बढ़ाई जाएगी। इन इलाकों को पूरी तरह सील कर दिया जाएगा। केवल राशन और दवाओं की ही होम डिलीवरी की जाएगी। बाकी सब बन्द रहेगा। जिलाधिकारी के अनुसार 26 अप्रैल को हालात की फिर से समीक्षा करने के बाद लॉक डाउन में रियायतें दिए जाने पर विचार किया जाएगा।