मुरादाबाद। कोरोना की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को 80 आशंकित लोगों के सैंपल लिए। इनमें चार स्वास्थ्य कर्मी और आईएफटीएम में क्वारंटीन 60 लोग शामिल हैं। बाकी सैंपल निजी अस्पतालों से लिए गए हैं। विभागीय टीमों ने कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए नवाबपुरा क्षेत्र के 10 लोगों को भी क्वारंटीन किया। 19 हॉटस्पॉट इलाकों में पॉजिटिव लोगों के संपर्क में आने वालों की ट्रैकिंग भी शुरू कर दी गई है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग के मुताबिक शनिवार को टीमों ने 80 सैंपल लिए गए हैं। अधिकतर सैंपल जमातियों और पॉजिटिव लोगों के संपर्क में आए लोगों के शामिल हैं। आईएफ टीएम से 60, एमआईटी से दो, कॉसमॉस से 10, टीएमयू से तीन सैंपल लिए गए हैं। चार सैंपल स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के हैं। कर्मचारी अभी तक आशंकितों की स्क्रीनिंग और उनके सैंपल ले रहे थे। एहतियातन उनके सैंपल कराए गए हैं। जिले में शनिवार तक 596 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं।
सीएमओ ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण की दृष्टि से 19 हॉट स्पॉट हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पॉजिटिव लोगों के संपर्क में आए लोगों को चिह्नित कर रही है। नवाबपुरा क्षेत्र के 10 लोगों को क्वारंटीन किया गया। सभी लोग पॉजिटिव के फर्स्ट कांट्रेंक्ट में रहे हैं। करूला, राजकीय संप्रेषण किशोर गृह, मकबरा, गलशहीद क्षेत्रों में थर्मल स्क्रीनिंग की गई। 34 टीमों ने 1736 लोगों की स्क्रीनिंग की।
मलेरिया विभाग ने कराया सैनिटाइजेशन किया
मुरादाबाद। मलेरिया विभाग ने एमआईटी, मानसरोवर पैराडाइज, एमसीएच, सीएमओ कार्यालय, मनोकामना मंदिर, रेलवे कॉलोनी हरथला, सागर सराय आर्य नगर, बुध बाजार में सैनिटाइजेशन किया।
पॉजिटिव के संपर्क में आए लोगों को ट्रेस करने बढ़ाई जाएंगी टीमें
मुरादाबाद। कोरोना रोगियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने अपर मुख्य चिकित्साधिकारियों, विश्व स्वास्थ्य संगठन के अधिकारी डा. शाहनवाज हुसैन एवं संभागीय शिक्षण प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य डा. संजीव यादव के साथ बैठक की। इसमें संक्रमण की रोकथाम के लिए पॉजिटिव लोगों के संपर्क में आए लोगों को ट्रेस करने के लिए टीमें बढ़ाने की रणनीति बनाई गई। सीएमओ ने कहा कि पुलिस की मदद से टीमें फील्ड में जाएंगी।