मुरादाबाद। मुरादाबाद में 17 लोगों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद से प्रशासन और शहर के बाशिंदों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को लेकर जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 109 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। ये सभी लोग कोरोना पॉजीटिव पाए गए लोगों के संपर्क में रहे हैं। सोमवार देर रात से लेकर मंगलवार रात तक पुलिस ने इन सभी को एंबुलेंस के जरिये दिल्ली रोड स्थित आईएफटीएम में बनाए गए क्वारंटीन हॉल में भेजा है। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीमें इनका सैंपल ले रहीं हैं। जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।
सोमवार रात मुरादाबाद में चिकित्सक समेत 17 जमातियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव आई थी। इसके बाद पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया था। कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आने वालों की सूची तैयार की गई। इसके बाद पुलिस ने नागफनी, मुगलपुरा, कोतवाली, गलशहीद, कटघर और मझोला क्षेत्रों में अभियान चलाकर 109 लोगों को एंबुलेंस के जरिये आईएफटीएम में भेज दिया है। सहायक पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि सभी 109 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। सभी का सैंपल लिया जा रहा है। इसके साथ ही प्रशासन ने नवाबपुरा और तंबाकू वाला क्षेत्र को भी हॉट स्पॉट घोषित किया जहां चौकसी कड़ी कर दी गई हैं।
299 की हुई थर्मल स्क्रीनिंग
मंगलवार को हिंदू माडर्न कॉलेज, मिश्रा बिल्डिंग रामेश्वर कॉलोनी, असालतपुरा पुलिस चिकित्सालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय असालतपुरा, आदि क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन कार्य हुआ। सीएमओ डॉ एमसी गर्ग ने बताया कि 299 की थर्मल स्क्रीनिंग की है। इसके अलावा दूसरे प्रदेशों से मुरादाबाद पहुंचे 298 यात्रियों में से 208 का सत्यापन किया। जिसमें कोई भी कोरोना संदिग्ध नहीं पाया गया। आईडीएसपी की रिपोर्ट के अनुसार अब तक 306 व्यक्तियों की कोरोना जाँच की गयी है जिसमें पॉजिटिव 19 जिनमें 2 संभल जनपद के हैं। इनमें एक युवती ठीक होकर घर जा चुकी है तथा एक की मौत हो चुकी है। एक्टिव पॉजिटिव 17 हैं। निगेटिव 120, अनिश्चित रिपोर्ट 10 व 142 की रिपोर्ट प्रतीक्षारत है। आज 52 सैंपल लिये गये है।