मुरादाबाद। बुधवार से ही र्हाई रिस्क जोन माने जा रहे शहर हाई रिस्क क्षेत्र में से 4 को प्रशासन ने हॉट स्पॉट घोषित कर दिया। रामपुर में कोरोना पॉजिटिव पाए गए पांच जमाती इन इलाकों की मस्जिदों में एक महीना तक ठहरे थे। इस क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया गया है और 80 हजार लोगों का हेल्थ ऑडिट कर दिया गया है।
जिन इलाकों को हॉट स्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है उनमें गलशहीद, लालबाग मझोला का आजाद नगर और मुगलपुरा का बरबलान इलाका शामिल है। सील किए गए इन चारों इलाकों में 16000 मकान हैं और यहां करीब 80 हजार लोग रहते हैं। प्रशासन ने 85 हेल्थ टीमों को इन इलाकों के हेल्थ सर्वे में लगाया है। संदिग्ध नजर आने पर 29 लोगों को इन इलाकों से फैसिलिटी क्वारंटीन किया गया है। इनमें से 25 के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि रामपुर में कोरोना पॉजिटिव पाए गए 5 तब्लीगी जमाती मुरादाबाद के इन चारों इलाकों में करीब एक महीना तक ठहरे थे। इसलिए कोई कोरोना पॉजिटव मरीज यहां नहीं होने के बावजूद इन चारों इलाकों को हॉट स्पॉट चिह्नित करके सील कर दिया गया है। नगर निगम की टीम ने गुरुवार को इन सभी इलाकों को सैनिटाइज किया है। जिन 10 मस्जिदों में यह तब्लीगी जमाती रुके थे उन सभी को भी सैनिटाइज किया गया है। जब तक 80 हजार लोगों में से प्रत्येक व्यक्ति का हेल्थ ऑडिट नहीं हो जाता इन्हें सील ही रखा जाएगा। इन इलाकों में ना तो कोई व्यक्ति प्रवेश करेगा और ना ही कोई व्यक्ति इन इलाकों से बाहर आएगा। डीएम ने बताया कि प्रशासन और पुलिस की गाड़ियां इन इलाकों में लाउडस्पीकर से एलान भी कर रही हैं ताकि लोग अपना हेल्थ ऑडिट करा सकें। डीएम ने बताया कि इन चारों इलाकों से कुल 29 लोग चिन्हित करके फैसिलिटी क्वारंटीन में भेजे गए हैं। इसके अलावा लोगों से अपील की गई है कि जिन भी लोगों में बुखार खांसी जैसे लक्षण है वह तुरंत सामने आकर अपना हेल्थ चेकअप कराएं।
मंडल के जिस मुहल्ले में एक भी केस मिला वह ही बनेगा हॉट स्पॉट: आयुक्त
मुरादाबाद। मुख्यमंत्री की वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद मंडलायुक्त वीरेंद्र कुमार सिंह ने मंडल के पांचों जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि पांचों जनपदों के जिन भी मुहल्लों या कॉलोनी में कोरोना का एक भी केस मिला है उन सभी को 15 जनपदों की तरह ही हॉट स्पॉट के रूप में चिह्नित कर उन्हें सील कर दिया जाए। कमिश्नर ने इन इलाकों में पाबंदियां बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। ऐसे इलाके में कोई घर से बाहर नहीं निकल सकेगा और सारी व्यवस्थाएं प्रशासन करेगा। घरों से निकलने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। कमिश्नर ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पांचों जिलाधिकारियों को हॉट स्पॉट चिन्हित कर वहां पाबंदियां सख्ती से लागू कराने के निर्देश दिए गए हैं।