जिंदगी की चाह में पैदल ही घर की राह पकड़ ली और 177 किमी का लंबा सफर तय भी कर लिया लेकिन घर से मात्र 39 किमी दूर मौत ने झपट्टा मार दिया। दुर्घटना में इस युवक की मौत हो गई।
कुंडली हरियाणा की एक फैक्टरी में काम करने वाला यह युवक कोरोना की दहशत के चलते रामपुर अपने घर जा रहा था लेकिन पाकबड़ा में एक तेज रफ्तार बस ने उसे कुचल डाला। बस का चालक बस लेकर फरार हो गया।
हादसे में जान गंवाने वाला युवक नितिन कुमार (26) पुत्र देवेंद्र सिंह रामपुर जनपद के मिलक थानाक्षेत्र के लाडोपुर गांव का निवासी था। वह अपने भाई पंकज के साथ हरियाणा के कुंडली स्थित जूता फैक्टरी में नौकरी करता था।
लॉकडाउन की वजह से फैक्टरी बंद कर दी गई है। दोनों भाई हरियाणा से पैदल ही अपने घर लौट रहे थे। शनिवार दोपहर साढ़े बारह बजे दोनों भाई पाकबड़ा क्षेत्र में जीरो प्वाइंट के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही एक निजी बस ने नितिन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह दूर जाकर गिरा।