मुरादाबाद। विदेश यात्रा से लौटने वालों की संख्या के साथ स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें भी बढ़ती जा रही हैं। बुधवार को विदेश से लौटने वाले मुरादाबाद के 13 नए यात्रियों की सूची जारी हुई है। मंगलवार को जारी 109 लोगों में पांच लोग मुरादाबाद नहीं पहुंचे हैं। बाकी सभी लोगों के सत्यापन के बाद स्क्रीनिंग की गई है। स्क्रीनिंग में सभी स्वस्थ हैं और निगरानी में रखा गया है।
चीन के बाद अब यूरोप और खाड़ी देशों से मुरादाबाद लौटने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यूरोप और खाड़ी देशों में कोरोना की दहशत बरकरार है। एयरपोर्ट अथॉरिटी की सूचना पर विदेश यात्रा करने वालों की निगरानी रखी जा रही है। ईरान, स्पेन, चीन, इटली, जर्मनी से आने वालों की जिला अस्पताल में पांच सदस्यीय चिकित्सा पैनल की ओर से विशेष स्क्रीनिंग हो रही है। सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि बुधवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी ने मुरादाबाद के 13 नए लोगों की सूची जारी की है। सर्विलांस टीम गुरुवार को नए लोगों का सत्यापन करेंगी।
सीएमओ ने बताया कि मंगलवार को जारी 109 लोगों में 104 लोगों का स्क्रीनिंग कर निगरानी की जा रही है। पांच लोग अभी तक मुरादाबाद नहीं पहुंचे हैं। सर्विलांस टीमों ने पांचों लोगों के घर में संपर्क किया। पांचों लोग अभी अपने रिश्तेदारी में गए हैं। सीएमओ ने दावा किया कि निगरानी वाले सभी लोग स्वस्थ हैं।
प्रभारी मंत्री आज करेंगे अस्पताल का निरीक्षण
मुरादाबाद। जिला प्रभारी एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री डा. महेंद्र सिंह गुरुवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण करेंगे। प्रभारी मंत्री सुबह साढ़े नौ बजे अस्पताल जाएंगे और आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। आधे घंटे तक अस्पताल की व्यवस्थाएं देखेंगे। साढ़े दस बजे से साढ़े ग्यारह बजे तक कोरोना वायरस के बचाव एवं जागरूकता की समीक्षा करेंगे।