मुरादाबाद। कोरोना वायरस की वजह से चीन के ज्यादातर निर्यातक सात फरवरी से जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में शुरू होने जा रहे एम्बियन्ते फेयर में हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं। कोरोना की वजह से जर्मनी ने चीन की सभी फ्लाइट निरस्त कर दी हैं। इसकी वजह से चीनी निर्यातक फ्रैंकफर्ट नहीं पहुंच पाए हैं। फ्रैंकफर्ट में मौजूद मुरादाबाद के निर्यातकों का कहना है कि चीनी निर्यातकों के स्टॉल्स खाली पड़े हैं। सिर्फ चुनिंदा चीनी निर्यातक ही फ्रैंकफर्ट में मौजूद हैं इनमें भी ज्यादातर वो हैं जो क्रिसमस फेयर से ही जर्मनी में रुके हुए थे।
फ्रैंकफर्ट में मौजूद निर्यातक अजय पुगला का कहना है कि कोरोना वायरस को लेकर फ्रैंकफर्ट में खासकर फेयर ग्राउंड पर किसी तरह के खौफ का माहौल नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ चीनी स्टॉल्स जरूर खाली हैं लेकिन बाकी निर्यातकों के उत्साह में कोई कमी नहीं है। बुधवार को देर रात तक निर्यातक स्टॉल्स पर सैंपल लगाते रहे। गुरुवार को भी पूरा दिन स्टॉल्स सजाने का काम चलेगा। एम्बियन्ते फेयर सात फरवरी से शुरू होकर 11 फरवरी तक चलेगा। फेयर से चीनी निर्यातकों की गैर मौजूदगी को फिलहाल मुरादाबाद के लिए अच्छे संकेत के रूप में देखा जा रहा है।