कांठ। नियमित वेतन और रुका हुआ कमीशन दिलाए जाने की मांग को लेकर बहुउद्देश्य प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति के कर्मचारियों की कलमबंद हड़ताल शनिवार को भी जारी रही। हड़ताल के चलते क्षेत्र की सभी सहकारी समितियों पर ताले लटके रहे। समितियों में कामकाज ठप होने से खाद लेने और अन्य जरूरी कार्यों के लिए पहुंच रहे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र की सभी सहकारी समितियों पर किसान खाद लेने और अपने जरूरी काम कराने के लिए पहुंचे, लेकिन समितियों में ताले लगे होने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। उधर, हड़ताल कर रहे समिति सचिव, अंकेक्षक और कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें नियमित रूप से वेतन दिया जाए और लंबे समय से रुका हुआ कमीशन भी दिलाया जाए। वहीं सौरभ कुमार, इमरान अली, भूपेंद्र सिंह, अरविंद कुमार, कमल सिंह, राजीव कुमार, मोहित कुमार, अनिल पाल, राजपाल सिंह, विशेंद्र कुमार, उपेंद्र कुमार, महीपाल सिंह, सत्यम चौधरी, पवन कुमार व हेमराज आदि कर्मचारियों ने मांगों को पूरा किए जाने की मांग की है।