बिलारी। गो सम्मान आह्वान अभियान सफल बनाने को लेकर संगठन पदाधिकारियों ने एसडीएम के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। इस दौरान अलग से गोपालन मंत्रालय बनाने की मांग भी उठाई।
सोमवार दोपहर गोसम्मान आह्वान अभियान के बिलारी तहसील प्रभारी रामनिवास शर्मा के नेतृत्व में संगठन से जुड़े पदाधिकारी और गोसम्मान आह्वान अभियान सफल बनाने के लिए काम रहे कार्यकर्ता एसडीएम विनय कुमार सिंह से मिले। इस दौरान देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री आदि को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि देश के विभिन्न राज्यों की लगभग 5400 तहसीलों में संगठन के पदाधिकारियों द्वारा सोमवार को तहसील अधिकारियों के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजे गए हैं।
ज्ञापन में गो माता को विशेष सम्मान दिलाने की मांग प्रमुखता से की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि केंद्र सरकार केंद्रीय गोसेवा और संरक्षण अधिनियम बनाकर उसे लागू करे, गोवधशालाओं के लाइसेंस निरस्त कर वधशाला संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। गोवंश को राष्ट्रमाता के रूप में संवैधानिक मान्यता प्रदान करते हुए विशेष संरक्षण दिया जाए। गो तस्करी और गोवध को संज्ञेय और गैर जमानती अपराध की श्रेणी में रखकर दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई जाए। प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर नंदीशाला और जिला स्तर पर एक वृहद गोशाला की स्थापना की जाए। स्कूली पाठ्यक्रमों में गो विज्ञान को अनिवार्य विषय के रूप में शामिल किया जाए। ज्ञापन देने वालों में रामनिवास शर्मा के अलावा उदयराज सिंह, अमितपाल, अनुज उपाध्याय, अमित चौधरी, धर्मेंद्र गांधी, अवनीश चौधरी, विभूति गौड़, रचित माथुर, गौरव शर्मा, अमरीश अवतार शर्मा और गौरव निवास शर्मा आदि रहे।