बिलारी। तहसील के तेवरखास गांव में विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याएं दूर किए जाने की मांग को लेकर सोमवार सुबह एसडीएम को ज्ञापन दिया गया। तेवरखास गांव निवासी भाकियू तोमर के फहीम अहमद के साथ साजिद, आमिर, अरबाज और मोबीन आदि ग्रामीण तहसील पहुंचकर एसडीएम से मिले और ज्ञापन दिया। ग्रामीणों का कहना था कि तेवरखास गांव में विद्युत ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने की वजह से आए दिन फुंकता रहता है। विद्युत कर्मियों को सूचना देने के बाद भी फुंका विद्युत ट्रांसफार्मर बदलने में विद्युत विभाग द्वारा देरी की जाती है। ग्रामीणों के अनुसार बिलारी देहात बिजलीघर के ईस्ट और नॉर्थ ईस्ट फीडर की विद्युत लाइनें अभी तक पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाई हैं। एसडीओ विद्युत अवधेश कुमार ने बताया कि अधिकतर विद्युत लाइनों को ब्रेकडाउन दूर कर ठीक करा दिया गया है। शेष फीडरों की विद्युत लाइनों के जरिए निर्धारित शेड्यूल की पूरी विद्युत आपूर्ति दिलाई जाएगी। एसडीएम विनय कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने एसडीओ विद्युत से दूरभाष पर वार्ता कर देहात के उपभोक्ताओं को निर्धारित शेड्यूल की पूरी विद्युत आपूर्ति दिलाना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।