कुंदरकी। क्षेत्र के विशेष आर्थिक क्षेत्र यानि एसईजेड भवन रतनपुर कला में जीएसटी जॉइंट कमिश्नर आरके सिंह के साथ निर्यातकों और लघु उद्योग व्यापारियों के साथ बैठक की जिसमें कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह भी उपस्थित रहे।
बैठक में जीएसटी दरों में कटौती के लाभों और व्यापारियों के लिए इसके प्रभावों पर चर्चा की गई। बैठक का उद्देश्य जीएसटी बचत उत्सव 2025 के तहत 22 सितंबर से लागू हुए नए जीएसटी नियमों के बारे में कारोबारियों और निर्यातकों की शंकाओं को दूर करना था। जीएसटी ज्वाइंट कमिश्नर ने व्यापारियों और निर्यातकों के साथ सीधे बात करके नए जीएसटी संशोधनों के बारे में जानकारी दी। यह सुधार केवल दर संरचना को आसान बनाने तक सीमित नहीं है बल्कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए व्यापार सुगमता की दिशा में भी बड़ा कदम है। कार्यशील पूंजी की जरूरत कम होने, कच्चे माल की आसान उपलब्धता और व्यापक बाजार तक पहुंच मिलने से छोटे उद्योगों को सीधा फायदा होगा।
विधायक रामवीर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवाली से पहले उपभोक्ताओं को जीएसटी में बड़ी छूट दी है। कई चीजों पर जीएसटी की दरें कम कर दी गई हैं, जिससे आम लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। 22 सितंबर से लागू होने वाले 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत के दो-स्तरीय जीएसटी स्लैब भारत की अप्रत्यक्ष कर प्रणाली में ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी बदलाव साबित होंगे। कर दरों को सरल बनाने का यह कदम लंबे समय से प्रतीक्षित था। वित्त मंत्रालय ने अल्पकालिक राजस्व हानि को वहन करने का जो निर्णय लिया है, वह आर्थिक विकास, उपभोक्ता कल्याण और राष्ट्रहित के प्रति गहरी निष्ठा को दर्शाता है। जीएसटी 2.0 सुधार न केवल उद्योगों को लाभ पहुंचाएंगे, बल्कि उपभोक्ताओं को भी सीधे फायदा देंगे। उपभोक्ताओं को कम कीमतों और वस्तुओं व सेवाओं की बेहतर उपलब्धता का अनुभव होगा। बैठक में मौजूद निर्यातकों और लघु उद्योग व्यापारियों ने इस सुधार के सुचारु और समयबद्ध क्रियान्वयन में भारत सरकार को पूरा सहयोग देने का संकल्प लिया है। दर सरलीकरण से मिलने वाले लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया संकल्प को और मजबूती देगा। बैठक में एस.ई.जेड एक्सपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष विकास अरोरा, विकास अग्रवाल, गुलाम सलमानी, अंकुर प्रकाश, अनुज गर्ग, नदीम और अंशुल आदि उपस्थित रहे।फोटो संख्या दस भेजा गया है,