कांठ। इस भीषण गर्मी के मौसम में भी कांठ के उपभोक्ताओं को नियमानुसार बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। अघोषित कटौती और ट्रिपिंग से उपभोक्ता परेशान हैं। वहीं लो-वोल्टेज की समस्या होने से बिजली उपकरण नहीं चल पा रहे हैं।
मंगलवार को तहसील में हुई बैठक के दौरान भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने बिजली का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाते हुए समस्याओं का निस्तारण कराने और निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक बिजली आपूर्ति देने की मांग की थी। किसानों ने एसडीओ कांठ सचिन रस्तोगी के कार्य को लेकर भी असंतोष व्यक्त किया था। लेकिन इसके बाद भी कांठ की बिजली आपूर्ति में कोई सुधार नहीं है। कटौती और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग से उपभोक्ता परेशान हैं। दिन और रात की आपूर्ति में बार-बार होने वाली ट्रिपिंग के कारण बिजली उपकरणों के फुंकने का भी अंदेशा बना हुआ है। नीरज कुमार, फईम अहमद, वकील अहमद, राजकुमार सिंह, विनोद कुमार, शाकिर हुसैन, जाहिर हसन, इरफान अहमद, देवराज सिंह, नितिन कुमार आदि उपभोक्ताओं ने कटौती मुक्त बिजली आपूर्ति देने की मांग की है।
निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से छजलैट और नगर पंचायत उमरी कलां के उपभोक्ता भी परेशान हैं। वहीं किसान भी फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। वीर सिंह, ऋषिपाल सिंह, सियाराम सिंह, दीपक कुमार, चंद्रपाल सिंह आदि किसानों का कहना है कि गर्मी और धूप के कारण फसलें सूखने की कगार पर हैं, लेकिन उन्हें निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। किसानों ने कृषि फीडरों पर कम से कम 16 घंटे बिजली आपूर्ति देने की मांग की है। संवाद