मुरादाबाद। कटघर के सीतापुरी में बिजली निगम ने 10 एमवीए क्षमता का नया बिजलीघर बनाने का काम शुरू कर दिया है। क्षेत्र में ओवरलोडिंग की समस्या से बचने के लिए इसके अलावा कोई विकल्प नहीं है। कई ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की जा चुकी है। लगातार उपभोक्ताओं की बढ़ती संख्या के लिहाज से लंबे बिजलीघर की मांग लंबे समय हो रही थी।
विद्युत निगम ने इसका प्रस्ताव बनाकर पीवीवीएनएल मुख्यालय भेजा था। एमडी की ओर से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिली और अब काम शुरू हो गया है। वर्तमान में संचालित सीतापुरी बिजलीघर के पीछे खाली पड़ी जमीन पर नया निर्माण किया जा रहा है। यहां पांच-पांच एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। करीब 10 फीडरों को विभाजित किया जाएगा। इससे क्षेत्र में आने वाले पांच साल तक ओवरलोडिंग की समस्या नहीं होगी।
अधीक्षण अभियंता प्रशांत कुमार ने बताया कि क्षेत्र में उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए कटघर व शिवपुरी इलाके में 11 केवी की हाईटेंशन लाइनों को अंडरग्राउंड किया जाएगा। करीब दो किमी की लाइन को अंडरग्राउंड करने से सैकड़ों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। इसके अलावा कांशीरामनगर बिजलीघर की क्षमता वृद्धि की गई है। ब्यूरो